
मेयर अनीता अग्रवाल ने किया उद्घाटन, शहर के अन्य पार्कों का भी होगा सौंदर्यकरण
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। गांधी वाटिका स्थित गांधी पार्क को चंद्रशेखर आजाद ब्रिगेड ने गोद लेकर उसके सौंदर्यकरण और रखरखाव की जिम्मेदारी उठाई है। बुधवार को मेयर अनीता अग्रवाल ने पार्क का उद्घाटन किया। इस दौरान ब्रिगेड के पदाधिकारियों ने पार्क में लगाए गए करीब 100 औषधीय और फलदार पौधों के संरक्षण के साथ पार्क को सुंदर बनाने का संकल्प लिया।

मेयर अनीता अग्रवाल ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। यदि शहरवासी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आएं तो रुड़की को सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाया जा सकता है। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद ब्रिगेड की पहल की सराहना करते हुए अन्य संगठनों और नागरिकों से भी इस तरह के कार्यों में सहयोग करने की अपील की।
ब्रिगेड के अध्यक्ष शक्ति राणा ने कहा कि संगठन ने पार्क में करीब 100 औषधीय और फलदार पौधे लगाए हैं। पार्क का चरणबद्ध तरीके से सौंदर्यकरण किया जाएगा। इसके बाद शहर के अन्य पार्कों को भी गोद लेकर उनके रखरखाव और हरियाली बढ़ाने के लिए कार्य किया जाएगा।
तनुज राठी ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद ब्रिगेड शहर की अव्यवस्थाओं के खिलाफ आवाज उठाएगी। संगठन का उद्देश्य केवल पार्कों में पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि वहां मौजूद झूलों और अन्य सुविधाओं का रखरखाव सुनिश्चित करना भी है, ताकि बच्चों और शहरवासियों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण मिल सके।
बिट्टू शर्मा ने कहा कि पार्कों के सौंदर्यकरण के नाम पर भ्रष्टाचार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों के खिलाफ हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी और शहर की सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा के लिए संघर्ष किया जाएगा।इस अवसर पर अजीत मधुकर, संजय कश्यप, भरत शर्मा, डॉ. नैय्यर काजमी, सौरभ सिंघल, नितिन चौधरी, विनय शर्मा, सुधीर तोमर, वीर सिंह राणा, अभिमन्यु, विजय रावत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies