
63वें महोत्सव में वृंदावन के कलाकारों ने जीवंत किए रामायण के मार्मिक प्रसंग
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। श्री सनातन धर्म सभा की ओर से आयोजित 63वें रामलीला महोत्सव में मंगलवार रात रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। वृंदावन से आए कलाकारों ने कोप भवन, कैकेयी-मंथरा संवाद, राम-कैकेयी संवाद, राम वनवास, दशरथ-श्रवण संवाद और राजा दशरथ के मरण के दृश्यों का सजीव चित्रण कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।


मंचन के दौरान मंथरा द्वारा कैकेयी को राजा दशरथ से अपने वरदान मांगने के लिए प्रेरित करने और कैकेयी के कोप भवन में जाने के प्रसंग ने कथा को नया मोड़ दिया। इसके बाद भगवान श्रीराम और कैकेयी के बीच हुए संवाद तथा राम के वनवास जाने के दृश्य को कलाकारों ने प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

वहीं, दशरथ-श्रवण संवाद के मंचन ने दर्शकों को भावुक कर दिया। पुत्र वियोग में राजा दशरथ के प्राण त्यागने के प्रसंग का मार्मिक चित्रण देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे। वृंदावन से आए कलाकारों के सशक्त अभिनय और प्रभावशाली संवादों ने रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। मंचन के माध्यम से मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और पारिवारिक मूल्यों का संदेश भी दिया गया। 
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies