नासिक बैंड, आर्मी बैंड और आकर्षक धार्मिक झांकियों ने मोहा मन, बारिश के चलते राम मंदिर परिसर में हुआ राम-सीता का वरमाला समारोह
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। श्री सनातन धर्म रामनगर रामलीला कमेटी की ओर से रविवार शाम रामनगर में भगवान श्रीराम की भव्य राम बारात शोभायात्रा निकाली गई। नासिक बैंड, आर्मी बैंड, शहनाई वादकों और विभिन्न शहरों से आए मशहूर बैंड की मधुर धुनों के बीच निकली शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। रामनगर की विभिन्न गलियों से गुजरती भगवान श्रीराम की बारात का स्थानीय लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। शोभायात्रा में भगवान शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण, भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, गुरु विश्वामित्र और हनुमान जी की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं।
वहीं अघोरी नृत्य और धार्मिक भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। शोभायात्रा रामनगर रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर रामनगर की विभिन्न गलियों से होते हुए रामनगर स्थित राम मंदिर पहुंची। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर राम बारात का स्वागत किया और श्रद्धालुओं को जलपान कराया। बारिश के कारण कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा, जिसके चलते भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह का वरमाला समारोह मंदिर परिसर में आयोजित किया गया।
यहां भगवान श्रीराम और माता सीता ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को विवाह की शुभकामनाएं दीं। मंदिर परिसर में भगवान श्रीराम की भव्य आरती के साथ भजन-संगीत का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष अरविंद कश्यप ने भगवान श्रीराम, माता सीता सहित देवी-देवताओं को तिलक कर नमन किया और रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों को भव्य आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। राम बारात में कमेटी के पदाधिकारी और युवा मंडल के सदस्य ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते नजर आए।
इस अवसर पर रामनगर रामलीला कमेटी के प्रधान राम जी भटेजा सहित कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों में जगदीश लाल मेहंदी रत्ता, गुलशन अनेजा, राम भटेजा, धर्मपाल लखानी, संजीव कक्कड़, नितेश ग्रोवर, मन्नू मेहंदी रत्ता, संचित भटेजा, हरिओम अनेजा और सचिन तनेजा सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies