शिक्षा जागरण एवं सम्मान समारोह में समाज की हिस्सेदारी और सफाई कर्मचारियों के नियमितीकरण का मुद्दा भी उठा
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। भारतीय बाल्मीकि धर्म समाज की ओर से नगर निगम सभागार में शिक्षा जागरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने समाज के लोगों से शिक्षा के प्रति जागरूक होने और प्रत्येक क्षेत्र में अपनी भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। इस दौरान आरक्षण में वर्गीकरण की मांग प्रमुखता से उठाई गई। समाज की ओर से कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति को इस संबंध में ज्ञापन भी सौंपा गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए और उसे हासिल करने के लिए पूरी मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने आरक्षण में वर्गीकरण की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री से मिलकर उत्तराखंड में इसे लागू करने की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि आजाद भारत में सभी को समानता के साथ जीने का अधिकार है।
भारतीय बाल्मीकि धर्म समाज के मुख्य संचालक एवं पंजाब के राज्य मंत्री वीरेश विजय दानव ने कहा कि उनके अनुसार देश में बाल्मीकि समाज की आबादी करीब 14 करोड़ है। ऐसे में समाज को राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में अपनी हिस्सेदारी और दावेदारी मजबूती से पेश करनी होगी। उन्होंने पंजाब और हरियाणा की तर्ज पर पूरे देश में वर्गीकरण के आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग उठाई।
उत्तराखंड माटी कला बोर्ड के उपाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति ने समाज के योगदान पर प्रकाश डाला। वहीं राज्य कर्मचारी आयोग के सदस्य एवं भावधस के प्रदेश अध्यक्ष विनय प्रताप ने कहा कि आज समाज के युवा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा के दम पर समाज का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया सरल करने, निकायों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को ठेका प्रथा से मुक्त कर नियमित करने और उनके वेतन में तत्काल वृद्धि करने की मांग की।कार्यक्रम की अध्यक्षता विजय दानव ने की, जबकि संचालन रजनीश टिकोला ने किया। इस अवसर पर महिला विंग की जिलाध्यक्ष के रूप में वंदना कांगड़ा की नियुक्ति की गई।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी, महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष लक्ष्मी देवी, राष्ट्रीय संचालक अजय बिरला, राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री प्रदीप ढलोड, आकाश कांगड़ा, राजेंद्र चौहान, विनोद गुजराल, अमर बेनीवाल, रवि चोटाला, सचिन चाछर, साक्षी कांगड़ा, अमित तलवार, गौरव चौहान, नीरज चंचल, राकेश चंद्रा, रविंद्र साजन, आकाश चोटाला, रवि टांक, गौरव पोहीवाल, विनायक और नवनीत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies