खेलों से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का होता है विकास
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की।शहीद सोनीत सैनी एवं विकास सैनी की स्मृति में आयोजित मेमोरियल कबड्डी टूर्नामेंट में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे युवा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करने और अपनी प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया।

उन्होंने शहीद सोनीत सैनी और विकास सैनी की स्मृति में प्रतियोगिता आयोजित करने की पहल की सराहना की। इस तरह के आयोजन स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ ही युवाओं को खेलों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रतियोगिता का आयोजन खेलो स्कूल स्पोर्ट प्रमोशन ट्रस्ट की ओर से किया गया, जबकि भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रमा सैनी प्रायोजक रहीं। आयोजन से जुड़े लोगों को प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम में राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, इमलीखेड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज सैनी, चेयरमैन राजीव गर्ग, सांसद प्रतिनिधि विक्रम गर्ग, देशपाल रोड, सतबीर रोड, सुरेश रोड, अनिल पाल और फोनिक्स संस्थान के अध्यक्ष चिरब जैन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।टूर्नामेंट के माध्यम से युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने, स्थानीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने और समाज में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies