
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। आरोग्यम हॉस्पिटल भवनपुर और श्री हरमिलाप दुर्गा मंदिर साकेत कॉलोनी के संयुक्त सहयोग से हरमिलाप धर्मशाला में निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 1278 मरीजों ने पहुंचकर विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया और स्वास्थ्य जांच कराई। शिविर में मरीजों को निःशुल्क जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

शिविर में आरोग्यम हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अलग-अलग रोगों से पीड़ित मरीजों की जांच कर उन्हें उचित उपचार के संबंध में सलाह दी। इसमें जनरल फिजिशियन डॉ. आशुतोष स्वारंकर, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. पृथाबेन देवेंद्र कुमार वर्मा, ईएनटी सर्जन डॉ. दीप्ति डोगरा, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सावन चुग, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. वर्तिका वात्स, छाती एवं फेफड़ा रोग विशेषज्ञ डॉ. कुनाल कुमार, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. पारुल शर्मा तथा हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ. अधिश प्रताप सिंह ने सेवाएं दीं।

शिविर में मरीजों के लिए पैथोलॉजी जांच, फेफड़ों की जांच, हृदय की जांच, हीमोग्लोबिन और रक्त में शर्करा की जांच सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच निःशुल्क की गईं। जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। इसके अलावा अन्य पैथोलॉजी जांचों पर 30 प्रतिशत और रेडियोलॉजी जांचों पर 20 प्रतिशत की विशेष छूट दी गई। शिविर में आयुष्मान कार्ड के माध्यम से मोतियाबिंद का निःशुल्क ऑपरेशन कराने की प्रक्रिया के संबंध में भी लोगों को जानकारी और मार्गदर्शन दिया गया।

आरोग्यम हॉस्पिटल के चेयरमैन संदीप कुमार केड़िया ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना अस्पताल की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे शिविरों से लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान करने और उन्हें उचित उपचार के लिए मार्गदर्शन देने में मदद मिलती है।

ट्रस्टी संजय शिकारिया ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह उपलब्ध कराने के लिए ऐसे शिविर महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने शिविर के आयोजन में सहयोग करने वाले चिकित्सकों, अस्पताल की टीम और सामाजिक कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

अस्पताल के महाप्रबंधक मृत्युंजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न रोगों के विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध कराने का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि अस्पताल भविष्य में भी जनसेवा के उद्देश्य से ऐसे शिविर आयोजित करता रहेगा।

शिविर के आयोजन में सत्यपाल बाठला, विनोद सचदेवा, सत्यपाल अरोड़ा, श्याम सुंदर सचदेवा, सुरेन्द्र मेहन्दीरत्ता, अशोक अरोड़ा, रामनारायण सतीजा, गगन आहूजा, अनिल मेहन्दीरत्ता, गौरव सेठी, राजीव गुलाटी, मुकेश कुमार, सचिन मित्तल, अमित मेहन्दीरत्ता, जितेन्द्र खेतरपाल, एच.एम. कपूर, उमेश कोहली, सुदेश अरोड़ा, राजकुमारी, मीरा अरोड़ा, मनीषा, कीर्ति आहूजा, नीलम, बबीता गोयल, सुनीता अरोड़ा, ज्योति गुलाटी, संजू अरोड़ा, नवीन शर्मा, विवेक अलावत और अनुराग सक्सेना सहित अन्य सहयोगियों का योगदान रहा। सहयोगियों ने मरीजों के पंजीकरण और शिविर की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies