News

10/8/2026 12:38:35 PM

रुड़की विधानसभा से चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी, पत्रकार दीपक शर्मा ने थामा जन निर्माण पार्टी का दामन

पत्रकारों के साथ बैठक के बाद पैदल रोड शो कर पहुंचे सोनिया शर्मा के कैंप कार्यालय, टिकट के लिए मिला सकारात्मक आश्वासन


रुड़की। रुड़की विधानसभा सीट से वरिष्ठ पत्रकार दीपक शर्मा ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत कर दी है। करीब दो दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय दीपक शर्मा ने बुधवार को प्रेस क्लब भवन में पत्रकारों के साथ बैठक की। इसके बाद पत्रकारों के साथ पैदल रोड शो करते हुए जन निर्माण पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा के कैंप कार्यालय पहुंचे और पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान सोनिया शर्मा ने उन्हें विधानसभा चुनाव में टिकट दिए जाने को लेकर सकारात्मक आश्वासन दिया।

प्रेस क्लब भवन में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में पत्रकारों ने दीपक शर्मा को समर्थन देते हुए चुनाव में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। पत्रकारों के साथ विचार-विमर्श के बाद दीपक शर्मा पैदल रोड शो के रूप में पार्टी कार्यालय पहुंचे। यहां जन निर्माण पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा ने उनका स्वागत करते हुए पार्टी की सदस्यता दिलाई।

सोनिया शर्मा ने कहा कि दीपक शर्मा लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और रुड़की शहर की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में ऐसे युवाओं का स्वागत है, जो क्षेत्र की समस्याओं को समझते हैं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ऐसे युवाओं के चेहरों को आगे बढ़ाने का काम करेगी।

वहीं दीपक शर्मा ने कहा कि पत्रकार साथियों के सुझाव और आग्रह पर उन्होंने चुनाव मैदान में उतरने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि वर्षों से जनप्रतिनिधियों ने जनता की समस्याओं को दूर करने के बजाय केवल आश्वासन देने का काम किया है। उनके अनुसार रुड़की शहर में विकास के कई मुद्दे आज भी जस के तस हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब खोखले वादों से प्रभावित होने वाली नहीं है।

दीपक शर्मा ने दावा किया कि उन्हें सर्वसमाज का समर्थन मिल रहा है और वह वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर की मूलभूत समस्याओं को लेकर जनता के बीच जाकर संवाद किया जाएगा और चुनाव को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है।

इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार एनए पुंडीर, अनिल पुंडीर, बिजेंद्र सिंह, महेश मिश्रा, महेश्वर सिंह, रियाज कुरैशी, सुभाष सक्सेना, अनिल सैनी, जुबैर काजमी, सनत शर्मा, परवेज आलम, मनोज जुयाल, योगराज पाल, अमर मौर्य, नाजिम, मनीष ग्रोवर, दीपक अरोड़ा, विनीत त्यागी, मुकेश पांडेय, अंकित सोंधी, रजनीश सहगल, राहुल सक्सेना आदि मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies