छह माह पहले भी हुई थी हड़ताल, 11 दिन में कार्रवाई के आश्वासन के बाद भी मांगें लंबित
रुड़की। थर्ड पार्टी व्यवस्था समाप्त करने और अस्थायी सफाई कर्मचारियों को नियमित किए जाने की मांग को लेकर नगर निगम के अस्थायी सफाई कर्मचारियों ने एक बार फिर हड़ताल शुरू कर दी। कर्मचारियों ने कूड़ा वाहनों का चक्का जाम कर सफाई व्यवस्था ठप कर दी और निगम परिसर में नारेबाजी की। हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
अस्थायी सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि नगर निगम की ओर से सफाई व्यवस्था के लिए जिस कंपनी को ठेका दिया गया है, उसके माध्यम से कर्मचारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि कई बार बिना किसी स्पष्ट कारण के उन्हें नौकरी से हटा दिया जाता है। इसके अलावा वेतन में भी अक्सर कटौती की जाती है। कर्मचारियों ने थर्ड पार्टी व्यवस्था समाप्त कर उन्हें निगम के माध्यम से नियमित किए जाने की मांग उठाई है।
कर्मचारियों के अनुसार वे पिछले काफी समय से थर्ड पार्टी व्यवस्था का विरोध कर रहे हैं। करीब छह माह पहले भी कर्मचारियों ने हड़ताल की थी। उस समय थर्ड पार्टी व्यवस्था समाप्त करने, कर्मचारियों को नियमित करने समेत अन्य मांगें रखी गई थीं। कर्मचारियों का कहना है कि उस दौरान कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और मेयर अनीता अग्रवाल ने उनकी मांगों पर 11 दिन के भीतर कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया था, लेकिन छह माह बीत जाने के बाद भी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इसी के विरोध में गुरुवार को अस्थायी सफाई कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया। कर्मचारियों ने कूड़ा वाहनों को भी नहीं चलने दिया और निगम परिसर में प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। हड़ताल की सूचना पर नगर निगम प्रशासन में भी हलचल रही।
वहीं सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बाद मेयर अनीता अग्रवाल और ललित मोहन अग्रवाल ने सफाई नायकों तथा स्थायी सफाई कर्मचारियों के साथ बैठक की। उन्होंने स्थायी कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों और कर्मचारियों को शहर में सफाई व्यवस्था प्रभावित न होने देने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
हड़ताल को देखते हुए नगर निगम परिसर और आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बल भी तैनात रहा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रह सकता है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies