सड़क निर्माण, रोडवेज बस अड्डे और गुरु रविदास मंदिर के सौंदर्यीकरण की मांग
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी मांगों को लेकर विधायक वीरेंद्र जाती ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और आवश्यक विकास कार्यों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखते हुए इनके शीघ्र निस्तारण और बजट उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
विधायक वीरेंद्र जाती ने मुख्यमंत्री से खाताखेड़ी से सलेमपुर तक सड़क निर्माण, भगतोवाली स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर के सौंदर्यीकरण तथा झबरेड़ा में रोडवेज बस अड्डे की स्थापना की मांग रखी। इसके अलावा नगला से सफरपुर सड़क, रसूलपुर तिराहे से शाहपुर सड़क और इकबालपुर मार्ग से धर्मपुर सड़क समेत विधानसभा क्षेत्र की अन्य महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने का आग्रह किया।
विधायक ने कहा कि झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में आवागमन की बेहतर व्यवस्था के लिए प्रमुख सड़कों का निर्माण और मरम्मत जरूरी है। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और आमजन को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि झबरेड़ा में रोडवेज बस अड्डे की स्थापना लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख आवश्यकता है। बस अड्डा बनने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सार्वजनिक परिवहन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। वहीं, भगतोवाली स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर के सौंदर्यीकरण से धार्मिक एवं सामाजिक महत्व के इस स्थल का विकास होगा और श्रद्धालुओं को भी सुविधाएं मिलेंगी।
विधायक वीरेंद्र जाती ने मुख्यमंत्री से सभी प्रस्तावित कार्यों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए आवश्यक स्वीकृति प्रदान करने तथा बजट उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दिलाने के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies