News

10/6/2026 9:23:11 AM

सरकारी नालों पर कब्जा बर्दाश्त नहीं, किसान यूनियन ने खोला मोर्चा

नाले बंद हुए तो फसलों के साथ पूरे क्षेत्र को होगा नुकसान: सचिन टोडा

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::

रुड़की। हरिद्वार-रुड़की मार्ग पर शेरपुर पेट्रोल पंप के समीप सरकारी नाले पर कथित अतिक्रमण को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने मोर्चा खोल दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन टोडा के नेतृत्व में यूनियन इस मामले को लेकर कार्रवाई करेगी।


सचिन टोडा ने कहा कि सरकारी नालों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नाले जल निकासी का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। यदि नालों को बंद किया गया या उन पर कब्जा किया गया तो बरसात के दौरान किसानों के खेतों से पानी की निकासी प्रभावित होगी। इससे फसलों को नुकसान होने के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है।


उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर सरकारी नालों पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है, जबकि कुछ जगहों पर कथित रूप से अतिक्रमण किया भी जा चुका है। ऐसे मामलों में प्रशासन को तत्काल मौके पर पहुंचकर पैमाइश और जांच कराते हुए सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई करनी चाहिए।


भारतीय किसान यूनियन ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से भी मामले का संज्ञान लेने की मांग की है। किसान नेताओं का कहना है कि समय रहते सरकारी नालों को अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया गया तो इसका खामियाजा किसानों के साथ-साथ पूरे क्षेत्र की जनता को भुगतना पड़ सकता है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies