News

10/6/2026 8:08:49 AM

हत्या की नीयत से फायरिंग करने का आरोपी गिरफ्तार पिता की हत्या के मामले में भी जेल जा चुका है आरोपी, जमानत पर था बाहर; तमंचा-कारतूस बरामद

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। सुभाषनगर निवासी युवक पर हत्या की नीयत से फायरिंग करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी को गंगनहर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देशी तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। आरोपी पूर्व में अपने पिता की हत्या के मामले में जेल जा चुका है और वर्तमान में जमानत पर बाहर था।

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को सुभाषनगर निवासी महिला ने गंगनहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि कुछ आरोपियों ने घातक हथियारों से लैस होकर उसके पुत्र पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और उसे जान से मारने की धमकी दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 363/2026 में धारा 109(1) और 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ ही संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सोमवार को लाठकदेवा अंडरपास के पास से मुकदमे में वांछित अनुराग चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अनुराग चौधरी पुत्र स्वर्गीय जोगेंद्र चौधरी, निवासी पनियाला रोड, कोतवाली गंगनहर, उम्र 22 वर्ष है। उसके कब्जे से 315 बोर का एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में अपने पिता की हत्या के मामले में भी जेल जा चुका है और जमानत पर बाहर आने के बाद इस मामले में वांछित चल रहा था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पंकज कुमार, उपनिरीक्षक नवीन कुमार, हेड कांस्टेबल दुर्गा, कांस्टेबल राकेश और कांस्टेबल नितिन शामिल रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies