महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने पीछा कर पकड़ा, पुलिस के हवाले किया; बाइक चोरी की होने का भी दावा
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में देर शाम महिला से पर्स लूटकर बुलेट से भाग रहे दो युवकों को आसपास के लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया। भीड़ ने दोनों युवकों की मौके पर पिटाई की और सूचना पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
घटना डेरा क्षेत्र में सब्जी मंडी के पास की बताई गई है। जानकारी के अनुसार, देर शाम बुलेट सवार दो युवक एक महिला से पर्स लूटकर भागने लगे। महिला ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने बुलेट सवार दोनों युवकों का पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद भीड़ ने दोनों की पिटाई कर दी और मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। बताया गया कि भीड़ ने जब युवकों से पूछताछ की तो उन्होंने बुलेट बाइक को रोडवेज कचहरी के पास से चोरी कर लाने की बात कही। हालांकि बाइक वास्तव में चोरी की है या नहीं, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि महिला से पर्स लूट की वारदात संज्ञान में आई है। पकड़े गए दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है। वारदात में इस्तेमाल बुलेट बाइक चोरी की है या किसी अन्य व्यक्ति की, इसकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies