
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और शहीदों की स्मृति में सम्मान देने के उद्देश्य से शहीद सोनित एवं विकास सैनी मेमोरियल कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता 11 एवं 12 अक्टूबर को नगर पंचायत इमलीखेड़ा स्थित फोनिक्स विश्वविद्यालय में आयोजित होगी।
भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी के कैंप कार्यालय पर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में उत्तराखंड के किसी भी जिले के खिलाड़ी एवं टीमें प्रतिभाग कर सकती हैं। इच्छुक टीमें पंजीकरण कर प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकती हैं।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए प्रथम पुरस्कार ₹11,000 नकद, जबकि द्वितीय पुरस्कार ₹5,100 रखा गया है। विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल भी प्रदान किए जाएंगे।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि टूर्नामेंट का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा शहीद विकास सैनी की स्मृति को सम्मानपूर्वक जीवंत रखना है।
11 अक्टूबर को होने वाले उद्घाटन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वहीं 12 अक्टूबर को समापन समारोह में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
प्रेस वार्ता में चैंपियन सूरज रोड, आयुष सैनी, कनिका सैनी सहित भाजपा कार्यकर्ता बृजपाल धीमान, राम गोपाल कंसल, संजय प्रजापति, देशीपाल रोड, अशोक सैनी, संजय सैनी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने और शहीद विकास सैनी की स्मृति को नमन करने की अपील की।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies