दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर, रुड़की में सोमवार से अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई। गढ़वाल क्षेत्र के युवाओं के लिए आयोजित भर्ती में उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। भर्ती प्रक्रिया के पहले दिन सेना अधिकारियों ने अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच के बाद शारीरिक दक्षता परीक्षण की प्रक्रिया शुरू की।
पवेलियन ग्राउंड में आयोजित दौड़ को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने झंडी दिखाकर रवाना किया। अभ्यर्थियों को अलग-अलग समूहों में बांटकर दौड़ कराई गई। एक बार में करीब 50 अभ्यर्थियों ने दौड़ में हिस्सा लिया। दौड़ पूरी करने के समय के आधार पर अभ्यर्थियों का आकलन किया गया। इसके बाद चयन प्रक्रिया के तहत अन्य शारीरिक दक्षता परीक्षण भी कराए गए।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने बताया कि अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया पांच अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक चलेगी। प्रतिदिन करीब एक हजार से 1200 युवा भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे। भर्ती के लिए आने वाले युवाओं की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से ठहरने और पेयजल समेत अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। अभ्यर्थियों के आवागमन के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने बताया कि युवाओं को कम दर पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए कुछ स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लिया गया है। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सेना अधिकारियों ने अपने स्तर पर विभिन्न टीमों का गठन किया है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने युवाओं से अपील की कि वे पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भर्ती प्रक्रिया में भाग लें। उन्होंने कहा कि किसी कारणवश सफलता नहीं मिलने पर युवा निराश न हों, बल्कि अपनी कमियों को दूर कर आगे की तैयारियों में जुटें।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies