गढ़वाल के सात जिलों समेत यूपी-उत्तराखंड के क्लर्क/एसकेटी अभ्यर्थी होंगे शामिल, केवल सीईई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। भारतीय सेना में भर्ती होने के इच्छुक युवाओं के लिए अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन 5 से 23 अक्टूबर 2026 तक बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर (बीईजी एंड सेंटर), रुड़की में किया जाएगा। भर्ती वर्ष 2027 के लिए आयोजित होने वाली इस रैली में गढ़वाल क्षेत्र के सात जिलों के अलावा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पात्र अभ्यर्थी शामिल होंगे।
सेना भर्ती कार्यालय लैंसडौन के अनुसार, रैली में केवल वही अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे, जिन्होंने 1 से 12 जून 2026 के बीच आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (सीईई) उत्तीर्ण किया है। अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र में अंकित तिथि और समय के अनुसार रैली स्थल पर पहुंचना होगा।
गढ़वाल के सात जिलों के लिए भर्ती
गढ़वाल क्षेत्र के चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जिलों के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल तथा अग्निवीर ट्रेड्समैन की भर्ती की जाएगी। वहीं, अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी के लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के संबंधित सेना भर्ती कार्यालयों के अंतर्गत आने वाले जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे।
13 से 20 अक्टूबर तक गढ़वाल के अभ्यर्थियों की रैली
गढ़वाल क्षेत्र के अभ्यर्थियों के लिए जिलेवार कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। 13 अक्टूबर को उत्तरकाशी और चमोली, 14 अक्टूबर को चमोली, 15 अक्टूबर को पौड़ी गढ़वाल, 16 अक्टूबर को टिहरी गढ़वाल, 17 अक्टूबर को पौड़ी गढ़वाल, 18 अक्टूबर को रुद्रप्रयाग और देहरादून तथा 19 अक्टूबर को देहरादून और हरिद्वार के अभ्यर्थियों की रैली होगी। 20 अक्टूबर को अग्निवीर टेक्निकल और ट्रेड्समैन श्रेणी के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भर्ती प्रक्रिया होगी।
वहीं, अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी के लिए 5 से 12 अक्टूबर तक विभिन्न जिलों के अभ्यर्थियों की जिलेवार रैली आयोजित की जाएगी।
मूल दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को रैली अधिसूचना में निर्धारित सभी मूल दस्तावेज साथ लाने की सलाह दी है। दस्तावेजों में कमी पाए जाने पर अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र में दिए गए रिपोर्टिंग समय का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
दलालों और बिचौलियों से रहें दूर
सेना और नागरिक प्रशासन की ओर से भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता आधारित बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। अभ्यर्थियों को किसी भी दलाल, एजेंट या बिचौलिए के संपर्क में नहीं आने तथा किसी को पैसे नहीं देने की सलाह दी गई है। सेना भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया को कोई व्यक्ति प्रभावित नहीं कर सकता। अभ्यर्थियों से भर्ती से संबंधित जानकारी के लिए केवल सेना की आधिकारिक सूचनाओं और निर्देशों पर भरोसा करने की अपील की गई है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies