News

10/3/2026 6:28:29 PM

श्राद्ध जैसे पवित्र संस्कार पर कांग्रेस की टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण::शादाब शम्स

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::



रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वर्गीय पिता के श्राद्ध को लेकर कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों और कोटद्वार में मोहम्मद दीपक की गिरफ्तारी के मामले को लेकर भाजपा जिला रुड़की की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता शादाब शम्स और जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने पार्टी का पक्ष रखते हुए कांग्रेस पर राजनीतिक विरोध की मर्यादा बनाए रखने की बात कही।

प्रदेश प्रवक्ता शादाब शम्स ने कहा कि भारतीय संस्कृति में श्राद्ध और तर्पण दिवंगत पूर्वजों के प्रति श्रद्धा, स्मरण और सम्मान का पवित्र संस्कार है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने स्वर्गीय पिता का विधि-विधान से श्राद्ध एवं तर्पण किया। ऐसे धार्मिक और पारिवारिक संस्कारों को राजनीतिक टिप्पणी का विषय बनाना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के बीच वैचारिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन व्यक्तिगत परिवार और धार्मिक संस्कारों से जुड़े विषयों पर सार्वजनिक टिप्पणी करते समय मर्यादा और संवेदनशीलता का ध्यान रखा जाना चाहिए। राजनीतिक विरोध को व्यक्तिगत और पारिवारिक विषयों तक ले जाना उचित नहीं है।

भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या राजनीतिक विरोध के लिए किसी व्यक्ति के पारिवारिक संस्कारों को भी राजनीतिक बहस का विषय बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से होने वाले राजनीतिक मतभेदों का सम्मान करती है, लेकिन सभी दलों और नेताओं से सार्वजनिक जीवन में संवाद की गरिमा बनाए रखने की अपेक्षा भी करती है।

मोहम्मद दीपक के प्रकरण पर डॉ. मधु सिंह ने कहा कि कानून अपना काम करता है और किसी भी व्यक्ति के संबंध में कार्रवाई तथ्यों एवं कानूनी प्रक्रिया के आधार पर होनी चाहिए। कोटद्वार पुलिस ने व्यापारी से कथित अभद्रता, मारपीट और धमकी के मामले में दीपक कुमार को गिरफ्तार किया था। बाद में दो अक्टूबर को उन्हें एसडीएम न्यायालय से जमानत मिल गई। 

उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में जिम्मेदार भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विमर्श में संवेदनशीलता, मर्यादा और तथ्यों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।प्रेस वार्ता में जिला महामंत्री सागर गोयल, अक्षय प्रताप सिंह, माटी कला बोर्ड उपाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, जिला मीडिया प्रभारी पंकज नंदा, अंकित गौतम, सोहन राणा, बहरोज आलम और आकाश गौतम आदि मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies