चार अक्टूबर के बाद होगा शक्ति प्रदर्शन, रोड शो और बैठकों का दौर होगा शुरू
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
हरिद्वार। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा सीट पर सियासी हलचल तेज होने लगी है। जन निर्माण पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं खानपुर विधायक उमेश कुमार की पत्नी सोनिया शर्मा का हरिद्वार ग्रामीण सीट से चुनाव लड़ना लगभग तय माना जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ रायशुमारी के बाद इस दिशा में तस्वीर काफी हद तक साफ होती नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि चार अक्टूबर के बाद हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र में भव्य रोड शो और कार्यक्रम के माध्यम से चुनावी अभियान की शुरुआत हो सकती हैं।
करीब तीन महीने पहले सोनिया शर्मा ने जन निर्माण पार्टी का गठन किया था। पार्टी के गठन के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी गठन के साथ ही राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा शुरू हो गई थी कि सोनिया शर्मा आगामी विधानसभा चुनाव में हरिद्वार जिले की किसी विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतर सकती हैं। शुरुआती दौर में लक्सर और हरिद्वार ग्रामीण सीट को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन अब हरिद्वार ग्रामीण सीट पर उनके चुनाव लड़ने की संभावना अधिक बढ़ गई है। बताया गया है बड़ी संख्या में हरिद्वार ग्रामीण के लोगों ने सोनिया शर्मा से भेंट कर वहां से चुनाव लड़ने का आग्रह किया है।

चार अक्टूबर के बाद दिखेगा राजनीतिक दमखम
हरिद्वार ग्रामीण में चार अक्टूबर के बाद रोड शो और कार्यक्रम को सोनिया शर्मा के चुनावी अभियान के औपचारिक आगाज के तौर पर देखा जा रहा है। कार्यक्रम के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ही क्षेत्र में अपनी राजनीतिक मौजूदगी और संगठनात्मक ताकत का प्रदर्शन करने की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है और बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की तैयारी है।
हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा सीट राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जाती है। वर्तमान में यहां से कांग्रेस की विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की पुत्री अनुपमा रावत विधायक हैं। कांग्रेस की ओर से उनके दोबारा मैदान में उतरने की संभावना है। वहीं भाजपा की ओर से एक बार फिर से पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद का नाम भी इस सीट के लिए प्रमुख रूप से सामने है। ऐसे में यदि सोनिया शर्मा जन निर्माण पार्टी के प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरती हैं तो मुकाबले में एक नया राजनीतिक कोण जुड़ जाएगा।
नई पार्टी के लिए पहली बड़ी चुनावी परीक्षा
जन निर्माण पार्टी के गठन के महज कुछ समय बाद ही विधानसभा चुनाव की तैयारियों में उतरना सोनिया शर्मा और पार्टी संगठन के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हरिद्वार ग्रामीण से चुनाव लड़ने की स्थिति में पार्टी को क्षेत्र में संगठन खड़ा करने के साथ-साथ मतदाताओं के बीच अपनी राजनीतिक पहचान मजबूत करने की चुनौती भी होगी। आगामी दिनों में पार्टी की गतिविधियां और प्रत्याशी को लेकर स्थिति और अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies