
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। आदर्श कॉलोनी, अशोक मार्ग स्थित माँ दुर्गा मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में बुधवार को भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कथा के दौरान जैसे ही बाल गोपाल के प्राकट्य का प्रसंग आया, पूरा मंदिर परिसर "हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की" के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुँचे कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा का मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा फूल-माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। कथा व्यास श्रद्धेय पंडित मनोज सेमवाल महाराज ने अपनी सुमधुर वाणी में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग का दिव्य एवं सुंदर वर्णन किया। महाराज के भजनों और कथा सार को सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमने और नाचने लगे।

इस शुभ अवसर पर मंदिर समिति के सदस्यों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से शीतल शर्मा, शिवांगी शर्मा, डोली, ममता शर्मा, पल्लवी शर्मा, अंजली, बीना सिंह, नीरू, अरुण तोमर और लवी पटेल सहित अनेक लोग मौजूद रहे। कथा के समापन पर सभी भक्तों को माखन-मिस्त्री का प्रसाद वितरित किया गया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies