दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
हरिद्वार/रुड़की। बिखरते परिवारों को टूटने से बचाने के लिए हरिद्वार पुलिस की ओर से चलाए जा रहे महिला ऐच्छिक ब्यूरो की बैठक में तीन परिवारों के बीच चल रहे विवादों का समाधान कराया गया। वहीं एक मामले में दोनों पक्षों को सोच-विचार के लिए अगली तारीख तय की गई।
बुधवार को पुलिस लाइन रोशनाबाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के दिशा-निर्देशन में आयोजित बैठक में महिला हेल्पलाइन रुड़की में प्रचलित जटिल पारिवारिक विवादों की सुनवाई की गई। दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनकी समस्याएं सुनी और आपसी समझ व संवाद के माध्यम से विवाद सुलझाने का प्रयास किया गया।
जिसके परिणामस्वरूप तीन परिवारों को टूटने से बचाया गया।इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि पारिवारिक विवादों में जल्दबाजी में कानूनी कार्रवाई के बजाय दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर सहमति से समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है।इस दौरान मनोवैज्ञानिक प्रोफेसर अरुण कुमार, समाजशास्त्री विनोद शर्मा, अधिवक्ता रीमा साहीम, समाजसेविका एवं प्रधानाचार्य रंजना शर्मा, महिला हेल्पलाइन रुड़की प्रभारी उपनिरीक्षक एकता ममगाईं और महिला कांस्टेबल सुनैना आदि मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies