News

9/29/2026 9:01:57 PM

पनियाला चंदापुर में युवक पर फायरिंग से मचा हड़कंप, कंधे में लगी गोली

मेले में विवाद के बाद फायरिंग का आरोप, रुड़की से देहरादून सरकारी अस्पताल रेफर हुआ घायल


दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पनियाला चंदापुर गांव में एक युवक पर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। गोली लगने से विशाल चौहान पुत्र प्रवीण कुमार घायल हो गए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि एक दिन पहले पनियाला चंदापुर गांव में आयोजित मेले के दौरान विशाल चौहान का कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर कुछ लोगों ने बाद में विशाल चौहान पर फायरिंग कर दी। गोली उनके कंधे में लगी।

फायरिंग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और गंगनहर कोतवाली पुलिस की मदद से घायल विशाल चौहान को रुड़की के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका उपचार किया और जांच के बाद बताया कि युवक के कंधे पर गोली लगी है। कंधे की एक्स-रे जांच के लिए उन्हें देहरादून के सरकारी अस्पताल रेफर किया गया है। डॉक्टर के अनुसार, फिलहाल घायल युवक की स्थिति सामान्य है।

घटना की सूचना मिलने पर रुड़की पुलिस उपाधीक्षक और गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना की जानकारी लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।इधर, घायल विशाल चौहान के रुड़की सरकारी अस्पताल पहुंचने की जानकारी मिलते ही उनके परिजन और समर्थक भी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में काफी भीड़ दिखाई दी।


बताया जा रहा है कि घायल विशाल चौहान ने पुलिस के समक्ष कुछ लोगों पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है और कुछ राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोगों के नाम भी सामने लिए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर से अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मेले में हुए विवाद के बाद फायरिंग की घटना कैसे हुई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस द्वारा आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।

फिलहाल घायल का उपचार कराया जा रहा है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर घायल विशाल चौहान और रुड़की पुलिस उपाधीक्षक ने क्या जानकारी दी, यह भी सामने आया है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies