ई-रिक्शा और कार की भिड़ंत में हुई थी तीन लोगों की मौत, बच्चे और महिलाएं भी हुए थे घायल; 20 के चालान
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। नगला इमरती में बीती रात ई-रिक्शा और कार की भिड़ंत के बाद हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई बच्चे और महिलाएं घायल हो गए थे। हादसे के बाद अब परिवहन विभाग भी हरकत में आ गया है। विभाग ने रुड़की शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में ई-रिक्शाओं के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है।
एआरटीओ (प्रवर्तन) कृष्ण चंद पड़ियाल के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न मार्गों पर ई-रिक्शाओं को रोककर उनके दस्तावेज और सुरक्षा मानकों की जांच की। इस दौरान ओवरलोडिंग यानी क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने, वाहन की फिटनेस नहीं होने, चालक के पास लाइसेंस नहीं होने और वाहन की एनओसी नहीं होने जैसी खामियां सामने आईं।

चेकिंग अभियान के दौरान 35 ई-रिक्शाओं को सीज किया गया, जबकि 20 ई-रिक्शाओं के चालान काटे गए। कार्रवाई के बाद ई-रिक्शा चालकों में हड़कंप मचा रहा।
एआरटीओ (प्रवर्तन) कृष्ण चंद पड़ियाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर विभाग गंभीर है और नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शाओं के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग, बिना फिटनेस, बिना लाइसेंस अथवा आवश्यक दस्तावेजों के बिना वाहन संचालित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नगला इमरती हादसे के बाद परिवहन विभाग की इस कार्रवाई को सड़क सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में भी ई-रिक्शाओं की चेकिंग और कार्रवाई जारी रहने की बात विभाग ने कही है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies