News

9/28/2026 2:05:29 PM

कांग्रेस के एसआईआर विरोध पर भाजपा का हमला, कहा- देश में भ्रम फैलाने से बाज आए

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। सिविल लाइंस स्थित जिला पंचायत अतिथि गृह में पत्रकारों से वार्ता करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने एसआईआर को लेकर कांग्रेस पर देश में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार देश के माहौल को खराब करने का काम कर रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनके अन्य नेता देश की संवैधानिक संस्था निर्वाचन आयोग के संबंध में दुष्प्रचार कर रहे हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने कहा कि देश के तीनों निर्वाचन आयुक्तों ने पत्रकार वार्ता कर एसआईआर से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर अपनी बात रखी और वरिष्ठ पत्रकारों के सवालों के जवाब भी दिए। उन्होंने कहा कि केवल निर्वाचन आयोग ही नहीं, बल्कि अन्य संवैधानिक संस्थाओं को भी बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यदि सत्ता में आना है तो उन्हें जनता के बीच अपनी जगह बनानी चाहिए, न कि देश की प्रमुख संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना चाहिए।

भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि कांग्रेस अब तक फर्जी वोटों के दम पर चुनाव जीतती आई है और एसआईआर के दौरान फर्जी वोट काटे जाने की आशंका से कांग्रेस में बौखलाहट है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से कांग्रेस निर्वाचन आयोग के खिलाफ दुष्प्रचार कर रही है।

वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील त्यागी ने कहा कि भाजपा देश को सर्वोपरि मानने वाली पार्टी है और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा करना सभी का दायित्व है। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशी ताकतों के इशारे पर देश की संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस को एसआईआर गलत लगता है तो उसे चुनाव में भागीदारी नहीं करनी चाहिए।इस अवसर पर पवन तोमर, दारा सिंह, सुबोध शर्मा आदि मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies