
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
मानकी। ग्राम मानकी स्थित मनकेश्वर महादेव मंदिर में भगवान श्री गणेश जी की मूर्ति स्थापना का धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में परम पूज्य जगतगुरु शंकराचार्य (शारदापीठाधीश्वर) स्वामी राजराजेश्वरम् जी महाराज का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ। इस दौरान शंकराचार्य जी ने श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कार और सनातन संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज को आध्यात्मिक रूप से मजबूत करने के साथ ही आपसी एकता और सद्भाव को बढ़ावा देते हैं।
चौधरी गजे सिंह पंवार, पूर्व एमएलसी उत्तर प्रदेश सरकार, ने कहा कि मनकेश्वर महादेव मंदिर में भगवान गणेश जी की मूर्ति स्थापना का अवसर क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत सौभाग्य और आस्था का विषय है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और हमारी आने वाली पीढ़ियां अपनी संस्कृति एवं संस्कारों से जुड़ती हैं।
एडवोकेट शिवम अग्रवाल ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज को एकजुट करने का कार्य करते हैं। भगवान गणेश जी की मूर्ति स्थापना के अवसर पर जिस प्रकार क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ सहभागिता की, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से समाज में भाईचारे और सद्भाव को और मजबूत किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम आयोजक दीपक पंवार ने कहा कि भगवान श्री गणेश जी की मूर्ति स्थापना का उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक वातावरण को मजबूत करना और अधिक से अधिक लोगों को सनातन संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं से जोड़ना है। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे शंकराचार्य जी एवं सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संतों का सानिध्य और आशीर्वाद मिलना क्षेत्रवासियों के लिए सौभाग्य की बात है।
कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री गणेश जी की मूर्ति की स्थापना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies