दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। गणेशपुर क्षेत्र की सेक्टर रोड पर दिनदहाड़े कथित तौर पर खनन सामग्री का परिवहन किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब साढ़े आठ बीघा कृषि भूमि को आवासीय कॉलोनी के रूप में विकसित करने के लिए खेत में लगातार खनन सामग्री का भराव कराया जा रहा है। इसके लिए रामपुर और सालियर क्षेत्र से सोलानी नदी से खनन सामग्री भरकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां दिन-रात खेत तक पहुंच रही हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लगातार इस मार्ग से गुजर रही हैं और खेत में खनन सामग्री उड़ेली जा रही है। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क पर दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। लोगों का सवाल है कि जब खनन पर रोक है तो इसके बावजूद इतनी बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खुलेआम कैसे दौड़ रही हैं और जिम्मेदार विभागों की ओर से कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।
रामपुर चुंगी पर जमता है कथित खनन कारोबारियों का अड्डा
स्थानीय लोगों का आरोप है कि रामपुर चुंगी क्षेत्र से खनन सामग्री के परिवहन का कथित खेल संचालित किया जा रहा है। लोगों के मुताबिक चुंगी के आसपास चाय की दुकानों पर ट्रैक्टर चालकों और खनन से जुड़े लोगों की भीड़ रहती है और वहीं से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को अलग-अलग दिशाओं में भेजे जाने की व्यवस्था की जाती है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
मामले में स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके पर जांच कराने, कृषि भूमि में किए जा रहे भराव की अनुमति और खनन सामग्री के स्रोत की जांच करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies