दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। बहादराबाद क्षेत्र में शादी के नाम पर कथित तौर पर ठगी और चोरी का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके छोटे भाई की शादी कराने के नाम पर एक युवती को दुल्हन बनाकर लाया गया। अगले दिन युवती अपने कथित साथियों के साथ घर से भागने का प्रयास करने लगी, लेकिन शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने घेराबंदी कर चार लोगों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
तहरीर के अनुसार, शिकायतकर्ता अपने 38 वर्षीय छोटे भाई योगेशपुरी की शादी के लिए रिश्ता तलाश रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात पंकज गिरी निवासी तुगलपुर से हुई। आरोप है कि पंकज के माध्यम से उसकी सास गीता देवी से संपर्क हुआ और गीता देवी ने रुकमिना पुत्री राजू निवासी कोटवा, मिर्जापुर को शादी के लिए युवती के रूप में बताया। तहरीर में रुकमिना के साथ अब्दुल बारी निवासी मिर्जापुर, रागिनी पाल और पुनीत कुमार निवासी शामली तथा फतेह सिंह मीना निवासी भरतपुर, राजस्थान के शामिल होने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, 22 सितंबर को सभी लोग इंद्रलोक कॉलोनी, सिडकुल स्थित उसके कार्यालय पहुंचे। उसी दिन शाम को कार्यालय में जयमाला कराकर शादी की रस्म पूरी की गई। इसके बाद सभी घर पहुंचे। शिकायतकर्ता को युवती के व्यवहार पर संदेह हुआ और उसने आरोपितों पर नजर रखनी शुरू कर दी।
तहरीर में आरोप है कि 23 सितंबर की रात करीब साढ़े 12 बजे एक वाहन घर के पास पहुंचा। युवती को उसके साथियों के साथ ले जाने का प्रयास किया गया। शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। वाहन के आगे ट्रैक्टर और पीछे भीड़ होने के कारण वह फंस गया, जिसके बाद लोगों ने उसमें सवार लोगों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके भाई को नशीला पदार्थ देकर सुला दिया गया था। बाद में कमरे की अलमारी की जांच करने पर उसमें रखे 80 हजार रुपये गायब मिले। शिकायतकर्ता ने रकम युवती और उसके साथ आए लोगों पर चोरी करने का आरोप लगाया है।पुलिस ने मामले की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर पकड़े गए लोगों को अपने कब्जे में लिया। तहरीर में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies