News

9/24/2026 6:44:41 PM

पांच दिवसीय बैंकिंग कार्य सप्ताह की मांग को लेकर बैंक कर्मियों का जोरदार प्रदर्शन

रुड़की में 200 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी जुटे, 28 से 30 सितंबर तक राष्ट्रव्यापी हड़ताल का ऐलान

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। पांच दिवसीय बैंकिंग कार्य सप्ताह और समान रूप से प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन योजना लागू करने की मांग को लेकर गुरुवार को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (यूएफबीयू) के आह्वान पर बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। पंजाब नेशनल बैंक, बीटी गंज शाखा के सामने आयोजित प्रदर्शन में रुड़की क्षेत्र के विभिन्न बैंकों से जुड़े 200 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार और बैंकिंग संस्थाओं से पांच दिवसीय बैंकिंग कार्य प्रणाली को शीघ्र लागू करने की मांग की। यूएफबीयू नेताओं ने कहा कि वर्ष 2023 में हुए बैंक समझौते के दौरान इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और सरकार की ओर से पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने पर सैद्धांतिक सहमति बनी थी, लेकिन इसके बावजूद अभी तक इसे लागू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि जब सैद्धांतिक सहमति पहले ही बन चुकी है तो इसके क्रियान्वयन में देरी का कोई औचित्य नहीं है।

बढ़ते कार्यभार का दिया हवाला

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र में कार्यभार लगातार बढ़ रहा है। बैंक कर्मचारियों को नियमित बैंकिंग कार्यों के अलावा डिजिटल बैंकिंग, साइबर सुरक्षा, ग्राहक सेवा, ऋण संबंधी कार्य, वसूली, सरकारी योजनाओं और लक्ष्य आधारित गतिविधियों का भी दायित्व निभाना पड़ रहा है। कर्मचारियों की संख्या में कमी और काम के बढ़ते घंटों के कारण उन पर अतिरिक्त दबाव बन रहा है।नेताओं ने कहा कि पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू होने से कर्मचारियों को पर्याप्त विश्राम और परिवार के लिए समय मिलेगा। इससे कार्य और व्यक्तिगत जीवन के बीच बेहतर संतुलन बनाने के साथ ही कर्मचारियों की कार्यक्षमता में भी सुधार हो सकेगा।

सभी घटक संगठनों ने लिया हिस्सा

प्रदर्शन में यूएफबीयू के घटक संगठनों एआईबीईए, एआईबीओसी, एनसीबीई, एआईबीओए, बीईएफआई, आईएनबीईएफ और आईएनबीओसी से जुड़े बैंक अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने एकजुट होकर पांच दिवसीय बैंकिंग कार्य सप्ताह लागू करने की मांग उठाई और केंद्र सरकार से तत्काल निर्णय लेने की अपील की।

यूएफबीयू रुड़की इकाई के संयोजक एवं केनरा बैंक एम्पलाइज यूनियन के राज्य सचिव मन्नू माकिन ने कहा कि संगठन बातचीत और लोकतांत्रिक तरीके से समाधान के पक्ष में है, लेकिन मांग की अनदेखी जारी रहने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

28 से 30 सितंबर तक राष्ट्रव्यापी हड़ताल

यूएफबीयू नेताओं ने बताया कि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं होने की स्थिति में 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है। इसके बाद भी समाधान नहीं होने पर 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान किया गया है।

प्रदर्शन में शशांक भारद्वाज, विशाल गुप्ता, विजय गुप्ता, विनोद गुप्ता, कुलवंत सिंह, तरुण त्यागी, विपिन मलिक, पीयूष, अर्जुन गुप्ता, कुलदीप सिंह, अनिल सिंघल, ओमपाल, निधि अग्रवाल, तरुण जैन, प्रमोद, अजय, नवीन, पवन, हिमांशु, श्यामवीर, सचिन गर्ग, अविनाश गुप्ता, वासु वर्धन, विपुल सोनकर, संदीप, सुरजीत, यामिनी, शिल्पी, प्रज्ज्वल, ईशा, अमित, परिधि, सागरिका, ताराचंद, अभिषेक, मीनाक्षी, मंजू, जयपाल, नीटू सिंह, सुरेंद्र, सौरभ, दीपक, अरविंद, ज्योति उनियाल, प्रेम सिंह, रजनीश, सोनू, मनोज, शिवानी, पायल, रबीता, संगीता, वैशाली, प्रेरणा राठी, तनुश्री सिंघल, प्रिया कंडवाल, संजय, मोहित, पूजा, सुरेंद्र शर्मा, के.एल. आहूजा, प्रदीप, सुभाष, नीरज अरोरा, सचिन, विकास मौर्य, अंकित सैनी, शुभम शर्मा, शिवांग पाटनी, धर्मपाल, रजत सिंघल, पुनीत त्यागी, कंचन पाल, अंकिता, सूर्य प्रकाश राव, सुशील कुमार सिन्हा, गीता रानी, दिनेश बंबारा, गौरव कुमार, प्रकाश रोहतेला, रूपेंद्र सिंह, प्रदीप सिंह, लबानी बख्शी, खुशी और नरेश सहित बड़ी संख्या में बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

यूएफबीयू रुड़की इकाई ने केंद्र सरकार और बैंकिंग संस्थाओं से कर्मचारियों की मांग पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies