दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। उत्तराखंड संस्कृत संस्थान, हरिद्वार की ओर से आयोजित 18वें संस्कृत महोत्सव के रुड़की खंड स्तरीय आयोजन में विद्यार्थियों ने संस्कृत के प्रति अपनी प्रतिभा और रुचि का शानदार प्रदर्शन किया। कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, रुड़की में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिताओं में खंड के विभिन्न विद्यालयों के करीब 200 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
संस्कृत के प्रचार-प्रसार और विद्यार्थियों में संस्कृत के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित महोत्सव में संस्कृत नाटक, समूह नृत्य, संस्कृत वाद-विवाद, श्लोक उच्चारण सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कनिष्ठ वर्ग में कक्षा छह से दसवीं तक तथा वरिष्ठ वर्ग में कक्षा 11 से महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय स्तर के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
रुड़की खंड के संयोजक डॉ. उमेश कुमार के निर्देशन में 23 सितंबर को कनिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि वासुदेव पंत, खंड शिक्षा अधिकारी आकांक्षा राठौर, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी प्रवीण कुमार, प्रधानाचार्य अपर्णा जिंदल सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। अतिथियों ने प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिताओं में आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज रुड़की का दबदबा रहा। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता रहे आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज रुड़की, एसएसडीपीसी इंटर कॉलेज रुड़की तथा पतंजलि गुरुकुलम के विद्यार्थी अब जनपद स्तर पर रुड़की खंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
महोत्सव के दूसरे दिन 24 सितंबर को वरिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। वरिष्ठ वर्ग में भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज रुड़की ने प्रमुख स्थान हासिल किया और जनपद स्तर पर प्रतिभाग करने के लिए अपनी जगह बनाई।
समापन सत्र में संस्कृत भारती उत्तराखंड के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. आनंद भारद्वाज मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए संस्कृत के महत्व और अपने अनुभव साझा किए। विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संगठन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल शर्मा तथा आरएनआई इंटर कॉलेज भगवानपुर के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. अशोक शर्मा मौजूद रहे। सारस्वत अतिथि के रूप में शिक्षा सदन इंटर कॉलेज मेहवड़ कला के प्रधानाचार्य डॉ. प्रदीप त्यागी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. राधेश्याम बहुखंडी, डॉ. शालिनी त्रिपाठी, शालिनी गुप्ता, विष्णु प्रिया, उर्मिला, दीप्ति सैनी, रुचि त्यागी, रुकमण सैनी, शैलेन्द्र पंत सहित अन्य शिक्षक एवं निर्णायक शामिल रहे। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों ने संस्कृत भाषा के प्रति अपनी प्रतिभा, ज्ञान और रचनात्मकता का प्रभावी प्रदर्शन किया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies