
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
हरिद्वार। कनखल पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 32 किलो 106 ग्राम गांजे के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कपड़ों के ट्रॉली बैग और कट्टे में गांजा छिपाकर ले जा रहे थे। तलाशी के दौरान गांजे के छोटे-छोटे पैकेट बरामद किए। अब पुलिस खेप के स्रोत और इसे खपाने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के तहत कनखल पुलिस टीम श्रीयंत्र पुल के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान बैरागी कैंप की ओर पैदल जा रहे तीन संदिग्ध युवकों को पुलिस ने रोक लिया। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद दो ट्रॉली बैग और एक सफेद कट्टे से गांजा बरामद हुआ। वजन कराने पर कुल 32 किलो 106 ग्राम गांजा मिला।पुलिस के मुताबिक गांजे को करीब एक-एक किलो के पैकेट में बांटकर टेप से पैक किया गया था। पुलिस की नजर से बचने के लिए आरोपियों ने गांजे को कपड़ों वाले ट्रॉली बैग में छिपाया था।
पकड़े गए आरोपी की पहचान दिपेश निवासी बैरागी कैंप कनखल, रणजीत लाकड़ा निवासी ठोकर नंबर 10 कनखल और आदित्य राय निवासी लोहाघाट, चंपावत के रूप में हुई है। दिपेश के कब्जे से 11 किलो 35 ग्राम, रणजीत से 14 किलो 32 ग्राम और आदित्य से 7 किलो 32 ग्राम गांजा बरामद हुआ।पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।टीम में व0उ0नि0 मनोज गैरोला,उ0नि0 नरेन्द्र सिंह रावत,अ0उ0नि0 ललित मोहन अधिकारी,हे0का0 188 प्रमोद शर्मा,का0 रणजीत सिंह,का0 गजय तोमर आदि शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies