News

9/22/2026 7:37:41 PM

धान की फसल में नैनो उर्वरकों का क्षेत्र प्रदर्शन, किसान दिवस में आधुनिक कृषि तकनीकों की दी जानकारी

दैनिक रुड़की (कृष्णपुरी गोस्वामी)::


लक्सर। इफको, हरिद्वार के तत्वावधान में मंगलवार को ग्राम नगला खिताब में प्रगतिशील किसान अमरदीप चौधरी के खेत पर धान की फसल में नैनो उर्वरकों पर आधारित क्षेत्र प्रदर्शन के अंतर्गत किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इफको नई दिल्ली के निदेशक प्रदीप चौधरी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि इफको उत्तराखंड के राज्य विपणन प्रबंधक सतीश कुमार रहे। अध्यक्षता प्रगतिशील किसान एवं ग्राम प्रधान नगला खिताब नरेंद्र चौधरी ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ इफको हरिद्वार के क्षेत्रीय अधिकारी विनोद कुमार जोशी ने अतिथियों एवं किसानों का स्वागत करते हुए किया। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की और नैनो उर्वरकों पर आधारित क्षेत्र प्रदर्शन के महत्व की जानकारी दी।इफको रुड़की के क्षेत्र अधिकारी प्रियांश दीक्षित ने जल विलेय उर्वरकों एवं मृदा परीक्षण के बारे में किसानों को विस्तार से जानकारी दी। गन्ना विकास सहकारी समिति लक्सर के सचिव परमेंद्र कुमार ने गन्ना विभाग की प्रमुख योजनाओं और किसान हित में संचालित गतिविधियों की जानकारी दी।

कृषि विज्ञान केंद्र धनोरी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. वाईपी सैनी ने कृषि विज्ञान केंद्र की योजनाओं, सेवाओं एवं तकनीकी गतिविधियों के बारे में बताया। उन्होंने किसानों से नवीन कृषि तकनीकों को अपनाने तथा रासायनिक उर्वरकों का संतुलित एवं आवश्यकतानुसार उपयोग करने का आह्वान किया।

कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी हरिद्वार अमरेंद्र चौधरी ने कृषि विभाग की योजनाओं एवं किसान कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने जैविक एवं प्राकृतिक खेती के साथ एकीकृत उर्वरक प्रबंधन के महत्व पर जोर दिया।इफको उत्तराखंड के राज्य विपणन प्रबंधक सतीश कुमार ने नैनो उर्वरकों के उपयोग, लाभ और प्रयोग की सही विधि की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अनुशंसित मात्रा एवं उचित विधि से नैनो उर्वरकों का प्रयोग करने से उर्वरक उपयोग दक्षता में सुधार, उत्पादन लागत में कमी और मृदा स्वास्थ्य के संरक्षण में सहायता मिल सकती है। उन्होंने जैव उर्वरकों एवं जैव अपघटक के उपयोग के बारे में भी किसानों को जागरूक किया।

मुख्य अतिथि इफको निदेशक प्रदीप चौधरी ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक एवं असंतुलित उपयोग से मृदा स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। इफको की नैनो तकनीक आधारित उर्वरक पहल उर्वरक उपयोग दक्षता बढ़ाने और टिकाऊ कृषि को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। उन्होंने किसानों से नैनो उर्वरकों का अनुशंसित विधि से प्रयोग करने और मृदा स्वास्थ्य के संरक्षण पर ध्यान देने का आह्वान किया।

इस दौरान किसानों को अमरदीप चौधरी के खेत में धान की फसल पर लगाए गए नैनो उर्वरकों के क्षेत्र प्रदर्शन का भ्रमण कराया गया। किसानों को प्रदर्शन की तकनीकी जानकारी भी दी गई।कार्यक्रम के अंत में इफको की ओर से किसानों को जैव अपघटक का निःशुल्क वितरण किया गया। कार्यक्रम में शेरपाल सिंह, विकासखंड प्रभारी कृषि, राहुल पंवार, इफको बाजार लक्सर, आशीष गुप्ता, एसएफए लक्सर, रोहित नागर, एफए नैनो सहित 70 से अधिक प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies