
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। कलियर में 23 सितंबर को जश्न-ए-गौसुल आजम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में बरेली शरीफ की खानकाह-ए-शराफतिया सकलैनियां के गद्दीनशीन शाह गाजी मियां मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में चादरपोशी, फातिहाख्वानी, लंगर-ए-आम सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। अंत में मुल्क में अमनो-सलामती, खुशहाली और भाईचारे के लिए विशेष दुआ की जाएगी।
मंगलवार को पिरान कलियर स्थित मुनव्वर अली साबरी के आवास पर कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। अध्यक्षता साहिबजादा शाह यावर एजाज कुद्दुसी साबरी ने की। बैठक में अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसायटी के पदाधिकारियों और शाह गाजी मियां के मुरीदीन ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की।साहिबजादा शाह यावर एजाज कुद्दुसी साबरी ने बताया कि 23 सितंबर को जश्न-ए-गौसुल वरा का आयोजन होगा।
इसमें कुरआनख्वानी, महफिल-ए-समा, लंगरख्वानी और दरगाह साबिर पाक में चादरपोशी की जाएगी।आयोजक हाजी गुलशाद सिद्दीकी ने बताया कि शाह गाजी मियां सुबह करीब नौ बजे कलियर पहुंचेंगे। अकीदतमंद उनका फूल-मालाओं से स्वागत करेंगे। इसके बाद करीब 11 बजे गेस्ट हाउस से अकीदतमंदों के साथ जुलूस के रूप में दरगाह शरीफ पहुंचेंगे। यहां साहिबजादा शाह यावर मियां की मौजूदगी में चादर और फूल पेश किए जाएंगे तथा फातिहाख्वानी होगी।
दोपहर में सज्जादानशीन की कोठी पर लंगर-ए-आम का आयोजन होगा। मुनव्वर अली साबरी ने बताया कि यह आयोजन हर वर्ष मरहूम हाजी शादाब साबरी की ओर से कराया जाता था। उनके इंतकाल के बाद यह पहला आयोजन है। अब राहिल कुरैशी को सोसायटी का सचिव बनाया गया है।
वह इस आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।सूफी राशिद अली साबरी ने बताया कि जश्न-ए-गौसुल आजम हजरत शेख अब्दुल कादिर जीलानी की याद में मनाया जाता है। उन्होंने अकीदतमंदों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। बैठक में आलम सैफी, कल्लू भाई, परवेज आलम, राहिल कुरैशी, रियाज कुरैशी, फैसल खान उर्फ मोंटू, सावेज खान, वाजिद अंसारी और रईस अंसारी मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies