News

9/21/2026 10:41:53 PM

रोटरी क्लब 25 सितंबर को देश भर में लगाएगा रक्तदान शिविर, 6000 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रख वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी, 50 नई आरसीसी का किया गठन


दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::

रुड़की। रोटरी क्लब रुड़की की ओर से सिविल अस्पताल रुड़की में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रक्तदान के महत्व, जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता तथा समाज के अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान से जोड़ने पर चर्चा की गई। इस दौरान आगामी 25 सितंबर को आयोजित होने वाले विशाल रक्तदान शिविर की तैयारियों की जानकारी दी गई। रोटरी क्लब ने इस शिविर में 6000 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य निर्धारित करते हुए विश्व रिकॉर्ड बनाने की योजना रखी है।


कार्यक्रम में राज्य मंत्री देशराज करनवाल ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियानों में समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आकर सहयोग करना चाहिए और 25 सितंबर के अभियान को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करना चाहिए।


रोटरी आरआरसीसी के डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन सुभाष सरीन ने कहा कि रोटरी क्लब लंबे समय से समाजसेवा के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि 25 सितंबर को प्रस्तावित रक्तदान शिविर को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा। 6000 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य बड़ा है, लेकिन सामूहिक प्रयासों से इसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने लोगों से रक्तदान के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर कर स्वेच्छा से आगे आने का आह्वान किया।


रोटरी क्लब अध्यक्ष अलका मित्तल ने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है। ऐसे में नियमित रक्तदान समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि क्लब की ओर से महिलाओं और युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से 25 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की।


रोटरी आरसीसी अध्यक्ष पूजा नंदा ने कहा कि रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार जनसंपर्क और जागरूकता कार्यक्रम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल रक्त एकत्र करना नहीं, बल्कि लोगों में नियमित रक्तदान की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने महिलाओं से भी इस सामाजिक अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।


इस अवसर पर 50 नई रोटरी आरसीसी का गठन भी किया गया। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष प्रेम सरीन, रोटरी आरसीसी अध्यक्ष वैजयंती माला, सरिता गोस्वामी, सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. मिश्रा, पंकज नंदा, सुधा भटनागर, बेबी कश्यप, शहनाज अख्तर, अंशु रानी,सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और रक्तदान जागरूकता अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies