News

9/20/2026 6:46:14 PM

किसानों और बैंक के उत्थान को प्राथमिकता दे नई प्रबंध समिति: स्वामी यतीश्वरानंद

Àजिला सहकारी बैंक हरिद्वार की नवनिर्वाचित प्रबंध समिति का स्वागत समारोह आयोजित, पदाधिकारियों से जनता के भरोसे पर खरा उतरने का आह्वान

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। होटल सेंट्रल में जिला सहकारी बैंक लिमिटेड हरिद्वार की नवनिर्वाचित प्रबंध समिति के स्वागत में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता स्वामी यतीश्वरानंद, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा समेत विभिन्न दायित्वधारियों और जनपद के वरिष्ठजनों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं संचालकों का स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

मुख्य अतिथि स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि जनता ने विश्वास और भरोसे के साथ नई प्रबंध समिति को जिम्मेदारी सौंपी है। ऐसे में सभी पदाधिकारियों और संचालकों की जिम्मेदारी है कि वे पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए जनता के भरोसे पर खरा उतरें। उन्होंने कहा कि सहकारिता क्षेत्र सीधे किसानों, ग्रामीणों और आमजन से जुड़ा है। इसलिए जिला सहकारी बैंक के उत्थान के साथ किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि किसानों को बैंकिंग सुविधाओं का बेहतर लाभ मिले और उन्हें समय पर आवश्यक सहयोग एवं सुविधाएं उपलब्ध हों, इसके लिए प्रबंध समिति को पूरी मेहनत और समर्पण के साथ काम करना होगा। सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए।

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने नवनिर्वाचित प्रबंध समिति को बधाई देते हुए कहा कि नई समिति पूरे मनोयोग और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेगी। बैंक के विकास और सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के लिए सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा भी उन्होंने दिलाया।

समारोह में जिला सहकारी बैंक के नवनिर्वाचित अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह और उपाध्यक्ष सुशील राठी सहित संचालक मंडल के सदस्यों का स्वागत किया गया। इस दौरान भारती देवी, लता देवी, आंचल सिंघल, ओमप्रकाश, उत्तम सिंह, सपना शर्मा, बबली देवी, देवेंद्र कुमार, नवनीत सिंह, मो. इस्लाम, राजबीर सिंह और पुष्पराज सैनी सहित अन्य संचालक मौजूद रहे।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मेयर अनीता अग्रवाल, राज्यमंत्री आदेश सैनी, जयपाल सिंह चौहान, श्यामवीर सैनी, भाजपा रुड़की जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, भाजपा हरिद्वार जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, देवेंद्र अग्रवाल, नवनीत चौधरी, ललित मोहन अग्रवाल, सुभाष नंबरदार, अशोक चौधरी, मास्टर सतपाल, कुलवीर चौधरी समेत बड़ी संख्या में सहकारी समितियों के अध्यक्ष, पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलवीर सिंह ने की, जबकि संचालन बैंक के उपाध्यक्ष सुशील राठी ने किया। समारोह में अतिथियों ने नई प्रबंध समिति से बैंक की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने, किसानों और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने की दिशा में कार्य करने की अपेक्षा जताई

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies