News

9/20/2026 11:52:45 AM

दीक्षांत समारोह के दूसरे दिन 1424 छात्र-छात्राओं को मिलीं उपाधियां

दो दिन में 2701 विद्यार्थियों ने हासिल कीं डिग्रियां, पारंपरिक शोभायात्रा के साथ हुआ समारोह का शुभारंभ

रुड़की। आईआईटी रुड़की में आयोजित दो दिवसीय दीक्षांत समारोह का शनिवार को दूसरे दिन भव्य आयोजन हुआ। पारंपरिक शोभायात्रा के साथ समारोह का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि हीरो मोटोकॉर्प के चेयरमैन हर्षवर्धन चीतले और विशिष्ट अतिथि ऑयलमैक्स एनर्जी के संस्थापक विक्रम गर्ग ने छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान कीं।

दूसरे दिन कुल 1424 छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की गईं। इनमें 518 पीएचडी विद्यार्थी, तीन शोधार्थी और 903 एमटेक विद्यार्थी शामिल रहे। इससे पहले पहले दिन 1277 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गई थीं। इस तरह दो दिनों में आईआईटी रुड़की के कुल 2701 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं।

मुख्य अतिथि हर्षवर्धन चीतले ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत और उपलब्धियों का उत्सव है। उन्होंने कहा कि आईआईटी रुड़की जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान की अपेक्षा है। विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग नई चुनौतियों के समाधान के लिए करना चाहिए।

विशिष्ट अतिथि विक्रम गर्ग ने कहा कि डिग्री हासिल करना विद्यार्थियों की यात्रा का अंत नहीं, बल्कि एक नई जिम्मेदारी की शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों से नवाचार, शोध और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।

समारोह में संस्थान के निदेशक प्रो. केके पंत, उपनिदेशक प्रवीण गर्ग सहित संस्थान के शिक्षक, अधिकारी, विद्यार्थी और उनके परिजन मौजूद रहे। दीक्षांत समारोह के दौरान उपाधियां प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies