
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। नगर पंचायत पिरान कलियर क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कस्बे की गली-मोहल्लों में कुत्तों के झुंड खुलेआम घूम रहे हैं। इनके चलते स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। सबसे अधिक खतरा बच्चों को बना हुआ है। कुत्तों के हमले की घटनाओं के बाद भी नगर पंचायत की ओर से इन्हें पकड़ने को लेकर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कस्बे के लगभग हर मोहल्ले में आवारा कुत्तों के झुंड दिखाई दे रहे हैं। सड़क और गलियों से गुजरने वाले लोगों के पीछे कुत्ते दौड़ पड़ते हैं।कुछ दिन पहले आवारा कुत्तों ने एक बालक पर हमला कर उसे घायल कर दिया था।इसके अलावा घर के बाहर खेल रहे एक बच्चे पर भी कुत्ते ने झपट्टा मारकर हमला करने का प्रयास किया। हालांकि मौके पर मौजूद परिजनों ने बच्चे को बचा लिया। इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और किसी बड़े हादसे से पहले इन पर रोक लगाना जरूरी है।लोगों ने नगर पंचायत से कई बार आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की है,लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने और लोगों को राहत दिलाने की मांग की है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies