News

9/19/2026 1:15:58 PM

नगर भ्रमण के बाद गंगाजल से हुआ गणपति का अभिषेक, पांच दिवसीय गणेश उत्सव का समापन

श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर में शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। सिविल लाइंस स्थित श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर में श्री सनातन धर्म रक्षिणी सभा के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय गणेश उत्सव का भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर भगवान श्री गणेश की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और गणपति के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने नगर भ्रमण किया और जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भगवान गणेश के दर्शन किए।


उत्सव की खास बात यह रही कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का जल में विसर्जन नहीं किया गया। शोभायात्रा के बाद मंदिर परिसर में ही गंगाजल से प्रतिमा का पवित्र स्नान और अभिषेक कराया गया। इसके बाद प्रतिमा को मंदिर परिसर में ससम्मान स्थापित किया गया।

आचार्य सचिन शर्मा के मार्गदर्शन में विद्वान पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना और हवन कराया। पूरे मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण बना रहा। शोभायात्रा में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यावसायिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

सभा के प्रधान सोहन लाल मित्तल ने कहा कि पांच दिनों तक भगवान गणेश की आराधना से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। समाज के सभी वर्गों ने आयोजन में सहयोग किया। पर्यावरण और पवित्र नदियों की स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए इस बार प्रतिमा का विसर्जन न कर गंगाजल से अभिषेक कराया गया।सभा के मंत्री सौरभ भूषण शर्मा ने कहा कि गणेश उत्सव धार्मिक आयोजन के साथ समाज को एकता के सूत्र में बांधने का अवसर भी है। नगर भ्रमण के दौरान लोगों और विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों की सहभागिता सराहनीय रही। उन्होंने भगवान गणेश से नगरवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।इस अवसर पर नवीन अग्रवाल, अनुज शर्मा, रोहित शर्मा सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies