दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। इनर व्हील क्लब स्पार्कल्स की ओर से मेथोडिस्ट इंटर कॉलेज में 11वीं और 12वीं कक्षा की छात्राओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। पांच सितंबर से शुरू हुए शिविर में करीब 57 छात्राओं ने तायक्वांडो का प्रशिक्षण लिया। प्रशिक्षण तायक्वांडो मास्टर विपिन चौधरी ने दिया। प्रशिक्षण के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाली 20 छात्राओं का चयन उनकी अकादमी में आगे की विशेष ट्रेनिंग के लिए किया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी ओशीन जोशी मौजूद रहीं। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़कर अपनी पहचान बना सकती हैं और आत्मनिर्भर बन सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को आत्मरक्षा के साथ-साथ शिक्षा और खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
क्लब अध्यक्ष स्तुति गोयल ने बताया कि प्रशिक्षण में चयनित अंशिका, रानी राज और प्रियांशी राज्य स्तरीय खिलाड़ी हैं। तीनों छात्राएं प्रतिदिन मेथोडिस्ट इंटर कॉलेज में अभ्यास करती हैं। उनका चयन दिसंबर में होने वाली राष्ट्रीय जूडो-कराटे प्रतियोगिता के लिए हुआ है। क्लब की ओर से तीनों खिलाड़ियों को आगे की ट्रेनिंग के साथ हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण के लिए उन्हें जूते भी भेंट किए गए।
प्रशिक्षण में सहयोग के लिए विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा एम. कुमार को क्लब सदस्यों ने सम्मानित किया। प्रधानाचार्या ने क्लब का आभार जताया। वहीं शिविर में शामिल सभी छात्राओं को प्रमाण-पत्र देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया।
कार्यक्रम में जोनल क्लब कोऑर्डिनेटर सीमा जैन, उपाध्यक्ष सीमा भाटिया, सचिव चांदनी मांगलिक, कोषाध्यक्ष स्वीटी अग्रवाल, आईएसओ मीता भाटिया, संपादक शुबी मसूद, नीलम मधोक, साक्षी त्यागी, दिव्या अग्रवाल, आरती अरोड़ा, महिमा पंचोली, लक्ष्मी अग्रवाल आदि मौजूद रहीं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies