सांसद त्रिवेंद्र रावत बोले—जनरल रावत सिर्फ सेना के नहीं, जनता के भी जनरल थे; 8 दिसंबर को होगा भव्य प्रतिमा अनावरण
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर रुड़की छावनी परिषद क्षेत्र में मिलिट्री हॉस्पिटल के समीप स्थित पार्क में देश के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) शहीद जनरल बिपिन रावत की प्रतिमा स्थापित किए जाने को लेकर भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। भूमि पूजन कार्यक्रम का शुभारंभ छावनी परिषद रुड़की के सीईओ दिग्विजय सिंह चौहान एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने संयुक्त रूप से किया।
भूमि पूजन के दौरान विधि-विधान से हवन का आयोजन किया गया, जिसमें पंडित चंद्र मोहन कुलश्री एवं पंडित सकलानी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन संपन्न कराया।इस अवसर पर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है और ऐसे विशेष दिन पर शहीद जनरल बिपिन रावत की प्रतिमा के भूमि पूजन का कार्यक्रम होना गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि जनरल बिपिन रावत सिर्फ सेना के जनरल नहीं थे, बल्कि वह जनता के जनरल थे। वह देश का गौरव थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र की सेवा और देश की सुरक्षा के लिए समर्पित किया। उनका साहस, नेतृत्व और देश के प्रति समर्पण सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा।
सांसद ने कहा कि आज भले ही जनरल बिपिन रावत शारीरिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी बातें, उनके विचार और उनकी यादें आज भी हमारे बीच जीवंत हैं। देशवासी उन्हें अपने बीच महसूस करते हैं। उनका व्यक्तित्व और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
उन्होंने कहा कि रुड़की छावनी परिषद क्षेत्र में जनरल बिपिन रावत की प्रतिमा स्थापित होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। 8 दिसंबर को जनरल बिपिन रावत की पुण्यतिथि के अवसर पर इसी स्थान पर उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।
स्वच्छता और स्वस्थ पर्यावरण की दिलाई शपथ

कार्यक्रम के दौरान सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय लोगों को स्वच्छता और स्वस्थ पर्यावरण बनाए रखने की शपथ भी दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि वे अपने घर और आसपास के क्षेत्र में कूड़ा-कचरा नहीं फैलने देंगे तथा दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे।

बबलू राणा और अतुल राणा की पहल
जनरल बिपिन रावत की प्रतिमा स्थापित किए जाने की पहल कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य बबलू राणा, ढंडेरा नगर पंचायत के नामित सभासद एवं भाजपा नेता अतुल राणा तथा उनके सहयोगियों द्वारा की गई थी। उनके द्वारा यह प्रस्ताव सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के समक्ष रखा गया था। इसके बाद छावनी परिषद की प्रक्रिया के तहत प्रस्ताव को स्वीकृति मिली और प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि पूजन किया गया।कार्यक्रम में छावनी परिषद रुड़की के सीईओ दिग्विजय सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष डॉ. मधु, राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी, पूर्व विधायक कुंवर चैंपियन सिंह, जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह, सभासद अतुल राणा, जितेंद्र नेगी, अमित राणा, प्रदीप त्यागी, ठाकुर सिंह बूग्ला, मंडल अध्यक्ष विकास पाल, रौनक चौधरी, रमेश पंत सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता, पूर्व सैनिक एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।


कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं क्षेत्रीय लोगों ने जनरल बिपिन रावत की प्रतिमा स्थापना की पहल का स्वागत किया और बबलू राणा, अतुल राणा सहित सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि यह प्रतिमा जनरल बिपिन रावत के शौर्य, त्याग और राष्ट्रसेवा की स्मृति को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies