
वायरल वीडियो को बताया एडिटेड, प्रधान पक्ष पर मारपीट का आरोप; निष्पक्ष जांच की मांग
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के माधवपुर में फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद अब जिस पक्ष पर फायरिंग का आरोप लगाया जा रहा है, उसने मीडिया के सामने अपनी सफाई दी है। आरोपित पक्ष ने वायरल वीडियो को एडिटेड बताते हुए दावा किया कि वीडियो में जिस वस्तु को राइफल बताया जा रहा है, वह वास्तव में स्टील का पाइप है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
माधवपुर में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उवेश ने बताया कि ग्राम प्रधान पक्ष के साथ उनका विवाद चल रहा है। उनके द्वारा ग्राम प्रधान की ओर से कराए गए कार्यों की सूचना के लिए आरटीआई लगाई गई है। उन्होंने बताया कि इन कार्यों की जांच के लिए अधिकारी कई बार गांव में पहुंच चुके हैं। आरोप है कि इसी बात को लेकर प्रधान पक्ष के लोग उनसे खुन्नस रखते हैं।
उवेश ने आरोप लगाया कि दो दिन पूर्व उनका भाई पशुओं के लिए चारा लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान प्रधान पक्ष के कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उवेश के अनुसार, जब वह अपने भाई को बचाने के लिए मौके पर पहुंचे तो मारपीट कर रहे लोगों ने दूध की कैन से उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई।
उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद उनके पक्ष के कुछ अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि प्रधान पक्ष के कई लोग धारदार हथियार और लाठी-डंडे लेकर उनके तथा उनके साथियों की ओर दौड़े। जान बचाने के लिए उनके साथियों को मौके से भागना पड़ा, जो वायरल वीडियो में भी दिखाई दे रहे हैं।
उवेश ने कहा कि मौके पर उनके पक्ष की ओर से कोई गोली नहीं चलाई गई। उन्होंने दावा किया कि वायरल वीडियो में जिस वस्तु को राइफल बताया जा रहा है, वह स्टील का पाइप था। उन्होंने वीडियो को एडिटेड बताते हुए पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और वीडियो की वास्तविकता सामने लाने की मांग की।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies