News

9/14/2026 2:58:54 PM

नर्सिंग होम में गलत ऑपरेशन का आरोप, महिला की हालत बिगड़ी तो निकालनी पड़ी बच्चेदानी

परिजनों ने फर्जी डॉक्टर से ऑपरेशन कराने और जांच रिपोर्ट में हेराफेरी का लगाया आरोप, एसएसपी से की शिकायत


दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। कोमल अल्फ़ा नर्सिंग होम में महिला का गलत तरीके से ऑपरेशन किए जाने और इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुए परिजन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बाहर से बुलाए गए एक व्यक्ति ने चिकित्सक बनकर उसकी पत्नी का ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ने पर उसे दूसरे अस्पताल ले जाना पड़ा, जहां दोबारा ऑपरेशन कर पेट में जमा मवाद साफ किया गया। महिला की जान बचाने के लिए उसकी बच्चेदानी तक निकालनी पड़ी।


रामपुर निवासी तलीम पुत्र सलीम ने एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि उसकी 31 वर्षीय पत्नी फरजाना को प्रसव के लिए 16 अगस्त 2026 को कोमल अल्का नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। शिकायत के अनुसार वहां चिकित्सक बताने वाली साबिया परवीन ने 18 अगस्त को बाहर से शाहबाज आलम नामक व्यक्ति को बुलाकर पत्नी का ऑपरेशन करा दिया। इसके बाद 23 अगस्त को महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।


परिजन के मुताबिक घर पहुंचने के बाद फरजाना को टांके वाली जगह पर परेशानी होने लगी और सांस लेने में भी दिक्कत बढ़ गई। हालत बिगड़ने पर उसे दोबारा अस्पताल ले जाया गया, जहां 23 से 28 अगस्त तक उपचार चला। शिकायत में आरोप लगाया गया कि हालत में सुधार नहीं होने पर साबिया परवीन ने लापरवाही स्वीकार करते हुए उसे हरिद्वार के एक अस्पताल में भर्ती कराने की बात कही।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि हरिद्वार के अस्पताल में कराई गई सीटी स्कैन जांच में महिला के पेट में भारी मात्रा में मवाद मिला। संक्रमण के चलते चिकित्सकों को तत्काल दोबारा ऑपरेशन कर मवाद साफ करना पड़ा। महिला की जान बचाने के लिए उसकी बच्चेदानी भी निकालनी पड़ी।इतना ही नहीं, शिकायत में अल्फ़ा अस्पताल की ओर से उपलब्ध कराई गई खून की जांच रिपोर्ट को भी फर्जी होने का आरोप लगाया गया है। परिजन ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies