News

9/13/2026 2:31:09 PM

कुछ मिनटों की बरसात ने फिर खोली इंतजामों की पोल-सड़क बनी तालाब-उर्स खत्म-लेकिन बदइंतजामी बरकरार-गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर जायरीन...

दैनिक रुड़की (इकराम अली):;


पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स मेले के समाप्त होने के बाद भी व्यवस्थाओं की बदहाली दूर होती नजर नहीं आ रही है। रविवार को कुछ मिनट की बारिश ने ही दरगाह क्षेत्र में पानी निकासी और सफाई व्यवस्था की कथित तैयारियों की पोल खोल दी। नाले ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सड़कों पर फैल गया और कई स्थानों पर सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। दूर-दराज से आए जायरीन बदबूदार गंदे पानी के बीच से गुजरने को मजबूर रहे।


उर्स के दौरान लाखों जायरीन की आवाजाही वाले क्षेत्र में सफाई और जल निकासी व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठते रहे,लेकिन बारिश के बाद हालात फिर जस के तस नजर आए। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे होने से बदबू का आलम बना हुआ है।स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदगी के कारण मक्खी-मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। बारिश होते ही नालों का पानी सड़कों पर आने से पैदल गुजरने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी।जायरीनों का कहना है कि उन्हें उम्मीद थी कि उर्स के दौरान और उसके बाद दरगाह क्षेत्र में बेहतर साफ-सफाई, जल निकासी और यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, लेकिन जमीनी तस्वीर इसके उलट दिखाई दे रही है।स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि यदि चंद मिनट की बारिश में ही नाले ओवरफ्लो होकर सड़कें जलमग्न हो जाती हैं तो बड़ी बारिश की स्थिति में क्या होगा। लोगों का कहना है कि गंदे पानी और फिसलन के कारण हादसे का खतरा भी बना हुआ है।उन्होंने दरगाह प्रशासन और संबंधित विभागों से तत्काल सफाई कराने,नालों की नियमित सफाई और स्थायी जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies