News

9/12/2026 12:18:11 PM

तीन से पांच अक्टूबर तक लगेगा कृत्रिम अंग शिविर अंग गंवा चुके लोगों को मिलेंगे कृत्रिम अंग, पोलियो पीड़ित बच्चों को लगाई जाएगी थैलीपर; जरूरतमंदों को बांटी जाएंगी व्हीलचेयर

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। भारत विकास परिषद मुख्य शाखा एवं भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के संयुक्त तत्वावधान में तीन से पांच अक्टूबर तक होटल सचिन इंटरनेशनल में कृत्रिम अंग शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में अंग गंवा चुके लोगों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने के साथ ही पोलियो पीड़ित बच्चों को थैलीपर लगाए जाएंगे। इसके अलावा जरूरतमंद दिव्यांगों को व्हीलचेयर भी वितरित की जाएगी।

देहरादून रोड स्थित होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में परियोजना अध्यक्ष सचिन गुप्ता ने बताया कि शिविर में जोधपुर से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम पहुंचेगी। विशेषज्ञ चिकित्सक शिविर में ही लाभार्थियों के अंगों का नाप लेकर कृत्रिम अंग तैयार करेंगे और उन्हें लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिविर का लाभ लेने के लिए पंजीकरण अनिवार्य है। इसके लिए संपर्क नंबर और क्यूआर कोड जारी किए गए हैं। जरूरतमंद व्यक्ति विकलांग प्रमाणपत्र, आधार कार्ड और अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर अपना स्थान सुरक्षित करा सकते हैं।

परिषद की अध्यक्ष आशा चंद्रा ने कहा कि संस्था का प्रयास है कि किसी दुर्घटना या अन्य कारणों से अपने अंग गंवा चुके लोगों को दोबारा सामान्य जीवन जीने में मदद मिल सके। सचिव निधि शांडिल्य ने बताया कि शिविर में कृत्रिम अंग लगाने के लिए लाभार्थियों की संख्या निर्धारित नहीं की गई है। पंजीकरण कराने वाले सभी पात्र जरूरतमंदों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।पत्रकार वार्ता में पूजा गुप्ता, सत्येंद्र गुप्ता, मनोज गोयल, संजय सिंघल, अनिल जैन, नवीन गुलाटी, भरत कपूर आदि मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies