News

9/11/2026 11:40:32 AM

उद्घाटन के एक साल बाद भी काम नहीं शुरू हुआ तो कांग्रेस नेता ने अपने खर्चे से सोलानी पार्क में शुरू कराया काम

उद्घाटन के एक साल बाद भी काम नहीं, कांग्रेस नेता ने अपने खर्चे से शुरू कराया सोलानी पार्क का काम

कहा- सात करोड़ के जीर्णोद्धार का दावा कर जनता को बरगलाने का काम कर रहे मंत्री


दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::

रुड़की। सोलानी पार्क के जीर्णोद्धार कार्य का उद्घाटन होने के एक वर्ष से अधिक समय बाद भी काम शुरू नहीं होने पर कांग्रेस प्रदेश सचिव प्रणय प्रताप ने अपने खर्चे से पार्क में साफ-सफाई का कार्य शुरू करा दिया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से बदहाल पड़े पार्क को दोबारा लोगों के उपयोग के लायक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रणय प्रताप ने बताया कि वर्ष 2025 में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने करीब सात करोड़ रुपये की लागत से सोलानी पार्क के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य की घोषणा करते हुए फीता काटकर उद्घाटन किया था। लेकिन एक वर्ष से अधिक समय बीतने के बावजूद पार्क में काम शुरू नहीं हो सका। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल उद्घाटन कर जनता को बरगलाने का काम किया गया है।

उन्होंने बताया कि सिंचाई विभाग उत्तर प्रदेश से अनुमति लेने के बाद उनके द्वारा अपने खर्चे से पार्क में साफ-सफाई का कार्य शुरू कराया गया है। उनका प्रयास है कि करीब 15 वर्षों से बदहाल पड़े पार्क को फिर से पहले की तरह विकसित कर लोगों के लिए उपयोगी बनाया जाए। इससे महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग यहां टहलने, व्यायाम करने और समय बिताने के लिए आ सकेंगे।

प्रणय प्रताप ने बताया कि सोलानी पार्क का निर्माण वर्ष 2001 में हुआ था, लेकिन वर्ष 2010 के बाद से इसकी स्थिति लगातार खराब होती गई। उन्होंने कहा कि प्रदीप बत्रा लंबे समय से क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, लेकिन पार्क की बदहाली दूर करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। वर्ष 2025 में सात करोड़ रुपये की लागत से जीर्णोद्धार का उद्घाटन होने के बाद भी काम शुरू नहीं होना इसका उदाहरण है। वहीं इस संबंध में केबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया लेकिन वह जल्द देहरादून जाने की बात कहते हुए मीडिया के सवालों के जवाब दिए बिना ही चले गए। उन्होंने कहा कि तीन बजे वापस लौटकर मीडिया से बात करेंगे। इस अवसर पर दीपकांत, अभिषेक, अरुण गौतम, सुशील, शेखर और विक्रम आदि मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies