सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, विद्यार्थियों को अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। बिशंबर सहाय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत और उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था से परिचित कराने के उद्देश्य से शिक्षा दीक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नए सत्र में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं का पुराने विद्यार्थियों ने आत्मीयता के साथ स्वागत किया। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के सचिव चंद्रभूषण शर्मा, एमडी गौरव भूषण शर्मा, कोषाध्यक्ष एवं कार्यक्रम अध्यक्ष सौरभ भूषण शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने किया। इस अवसर पर प्राचार्य, विभागाध्यक्ष, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
सचिव चंद्रभूषण शर्मा ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण और जीवन को सही दिशा देने का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत और संस्कारों के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
एमडी गौरव भूषण शर्मा ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ ऐसा वातावरण उपलब्ध कराना है, जिसमें वे अपनी प्रतिभा और क्षमता को पहचानकर भविष्य में सफलता हासिल कर सकें।
कार्यक्रम अध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष सौरभ भूषण शर्मा ने कहा कि महाविद्यालय में आने वाला प्रत्येक विद्यार्थी संस्थान के लिए महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करते हुए शिक्षा के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान विभागाध्यक्षों और शिक्षकों ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, पाठ्यक्रम, विभिन्न विभागों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। पुराने विद्यार्थियों ने भी नवागंतुकों से अपने अनुभव साझा किए।कार्यक्रम में स्वीटी, सानिया, आई, अलीशा, जेबा, शिफा और आशना ने नृत्य, नाटक एवं कविता की प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
समापन पर प्राचार्य शहज़ेब आलम ने अतिथियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों का आभार जताया। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य के निर्माण में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष शाहरुख गौड़, परीक्षा नियंत्रक शाहीन, प्रणव शर्मा, विशाल सैनी, एमडी जागीर, कुंवारी सोनी, मोइन, आयुषी शर्मा सहित महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies