News

9/7/2026 6:27:14 PM

गन्ना भुगतान को लेकर किसानों का गुस्सा सड़कों पर, इकबालपुर समिति पर धरना

डीसीओ को दो दिन का अल्टीमेटम, मांग पूरी नहीं हुई तो तालाबंदी की चेतावनी

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। गन्ना भुगतान को लेकर किसानों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। 19 अगस्त से तहसील परिसर में विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे सैकड़ों किसान सोमवार को इकबालपुर गन्ना समिति कार्यालय पहुंच गए। किसानों ने समिति कार्यालय के बाहर दरी बिछाकर धरना शुरू कर दिया और जमकर नारेबाजी की। किसानों ने बकाया गन्ना भुगतान जल्द कराने की मांग उठाते हुए डीसीओ कपिल मोहन को ज्ञापन सौंपा।

उत्तराखंड किसान मोर्चा के बैनर तले चल रहे आंदोलन के तहत किसान एकजुट होकर तहसील परिसर से इकबालपुर गन्ना समिति कार्यालय पहुंचे। किसानों का कहना है कि उन्होंने इकबालपुर समिति की पर्ची पर चीनी मिल को गन्ना आपूर्ति की है, ऐसे में भुगतान दिलाने की जिम्मेदारी भी समिति की बनती है। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने समिति के सचिव और डीसीओ कपिल मोहन को अपने बीच बैठाकर अपनी समस्याएं रखीं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड ने कहा कि किसान अपना गन्ना भुगतान लेकर रहेंगे। उन्होंने कहा कि डीसीओ को दो दिन का समय दिया गया है। इसके बाद जिलाधिकारी के साथ बैठक की जाएगी और बैठक में आगे की रणनीति तय होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों का समाधान नहीं हुआ तो समिति कार्यालय पर तालाबंदी करने से भी किसान पीछे नहीं हटेंगे।

वहीं डीसीओ कपिल मोहन ने कहा कि किसानों ने गन्ना भुगतान से जुड़ी समस्याओं को लेकर ज्ञापन दिया है। मामले में पहले से कार्रवाई चल रही है और जिलाधिकारी भी लगातार इसका संज्ञान ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही इस संबंध में उच्चस्तरीय बैठक प्रस्तावित है, जिसके बाद उचित निर्णय लिया जाएगा।

किसानों के समिति कार्यालय पहुंचकर धरना देने से गन्ना भुगतान का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक बकाया भुगतान को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies