News

9/6/2026 10:11:59 PM

रामनगर में सरकारी जमीन पर कब्जे की कोशिश पर प्रशासन की कार्रवाई, मौके पर रुकवाया निर्माण

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। रामनगर की गली नंबर-14 में सरकारी जमीन पर कथित रूप से अवैध कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद रुड़की नगर निगम प्रशासन ने मौके पर अधिकारियों को भेजकर निर्माण कार्य रुकवा दिया।बताया जा रहा है कि शाम ढलने के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ लोगों द्वारा खाली पड़े भूखंड पर दीवार खड़ी करने और कच्चा कमरा बनाने का प्रयास किया जा रहा था। इसकी शिकायत प्रशासन तक पहुंची, जिसके बाद नगर निगम के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया।

इस मामले में मुख्य नगर आयुक्त गोपाल राम बेनीवाल से बातचीत की गई। उन्होंने बताया कि उक्त जमीन विभाजन के समय शरणार्थियों को आवंटित की गई थी और वर्तमान में यह मामला नगर निगम की जांच के दायरे में है। अभी जमीन को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

मुख्य नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जब तक मामले में कोई निर्णय नहीं होता, तब तक यदि कोई व्यक्ति जमीन पर कब्जा करने अथवा निर्माण करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी दर्ज हो चुका है मुकदमा

गौरतलब है कि इस जमीन को लेकर विवाद पहले भी सामने आ चुका है। रुड़की नगर निगम के पूर्व महापौर यशपाल राणा द्वारा सरकारी संपत्ति पर कब्जे के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया था।

अब दोबारा निर्माण की कोशिश की शिकायत के बाद नगर निगम की कार्रवाई से मामला फिर चर्चा में आ गया है। सवाल यह है कि आखिर विवादित जमीन पर बार-बार कब्जे की कोशिश कैसे हो रही है और प्रशासन को स्थायी रूप से इस पर रोक लगाने के लिए क्या कदम उठाने होंगे?नगर निगम का कहना है कि जांच पूरी होने और जमीन के संबंध में स्थिति स्पष्ट होने तक किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies