
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। प्रजापति जनकल्याण समिति की ओर से डीएवी रोड स्थित आर्य उपवन में मेधावी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में दसवीं और बारहवीं के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने शिक्षा को समाज की तरक्की का आधार बताते हुए एकजुटता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि समाज की तरक्की में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर मेहनत करनी चाहिए और अपनी प्रतिभा का उपयोग समाज और देश के विकास में करना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही समाज को नई दिशा देती है। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सफलता हासिल करने के बाद भी उन्हें अपनी जड़ों और समाज से जुड़े रहना चाहिए।कार्यक्रम अध्यक्ष माटी कला बोर्ड के उपाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति ने कहा कि समाज की मजबूती के लिए शिक्षा और एकजुटता दोनों जरूरी हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रतिभाओं को सम्मान मिलने से अन्य विद्यार्थियों में भी आगे बढ़ने की प्रेरणा पैदा होती है।समिति अध्यक्ष मास्टर कर्म सिंह ने कहा कि समिति का उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक या किसी अन्य कारण से कोई प्रतिभाशाली बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए समाज के सभी लोगों को मिलकर प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।
कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर प्रमोद सिंह ने किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, पूर्व राज्यमंत्री मेलाराम प्रजापति, सांसद प्रतिनिधि संजय प्रजापति, महासचिव तेजपाल सिंह, जुम्मन सिंह, शिवकुमार, विनोद कुमार, भरत सिंह, कोषाध्यक्ष रामकुमार, विकास प्रजापति, सुखपाल सिंह, अमित प्रजापति, मांगेराम प्रजापति, राजबल, अजय कुमार, अमित कुमार और वेदप्रकाश आदि मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies