दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। जमीन बेचने के नाम पर 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी और फर्जी बैनामा तैयार करने के मामले में रुड़की पुलिस ने 65 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में आरोपी के बेटे को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम जसवावाला निवासी देशराज ने 3 जुलाई 2026 को कोतवाली रुड़की में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि ग्राम सैदपुरा निवासी अनुज कुमार और उसके पिता कल्याण सिंह ने जमीन बेचने के नाम पर उससे 12 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद उसके पक्ष में फर्जी और जाली बैनामा तैयार कर दिया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी रुड़की के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी अनुज कुमार को 17 अगस्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। वहीं दूसरे आरोपी कल्याण सिंह पुत्र सावल दास निवासी ग्राम सैदपुरा, थाना मंगलौर, उम्र 65 वर्ष को पुलिस टीम ने जेल के सामने से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, कांस्टेबल लईक अहमद और होमगार्ड कपिल कुमार शामिल रहे।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies