
दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। ग्राम सालियर स्थित बूथ संख्या 87 के मतदाताओं ने वास्तविक मतदाताओं के खिलाफ फॉर्म-7 के माध्यम से आपत्तियां दर्ज कराए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक हरिद्वार को शिकायत दी है। शिकायतकर्ताओं ने मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गांव के कई वास्तविक मतदाताओं के खिलाफ फॉर्म-7 के माध्यम से आपत्तियां प्रस्तुत की गई हैं। इन आपत्तियों में संबंधित मतदाताओं को गांव का निवासी नहीं होने अथवा अन्य कारणों से मतदाता सूची के लिए अयोग्य बताया गया है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, ये आपत्तियां नूरपुर बुड़पुर निवासी विनीत कुमार पुत्र रवातार सिंह की ओर से लगाई गई हैं।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि विनीत कुमार की एक रिकॉर्डिंग भी उनके पास उपलब्ध है, जिसमें उसके द्वारा आपत्तियां लगाए जाने की बात स्वीकार किए जाने का दावा किया गया है। उनका आरोप है कि बिना उचित आधार के वास्तविक मतदाताओं के खिलाफ आपत्तियां लगाए जाने से लोगों को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही उन्हें अपने पक्ष में दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
शिकायत में निर्वाचन प्रक्रिया के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए संबंधित प्रपत्रों, दस्तावेजों और रिकॉर्डिंग की जांच कराने की मांग की गई है। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।

शिकायत के साथ कथित रिकॉर्डिंग की प्रति और 141 प्रभावित मतदाताओं की सूची भी संलग्न किए जाने की बात कही गई है। शिकायत की एक प्रति कोतवाली गंगनहर को भी दिए जाने का उल्लेख है। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक मतदाताओं को राहत दिलाने की मांग की है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies