
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक परिसर स्थित साबरी जामा मस्जिद के बेसमेंट में बारिश का पानी भरने से शुक्रवार को नमाजियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मस्जिद के ऊपरी हिस्से में जगह कम पड़ने के कारण बड़ी संख्या में नमाज़ियों को बेसमेंट में जाना पड़ा।जहां पानी भरा होने के बावजूद उन्हें उसी पानी में जुमे की नमाज अदा करनी पड़ी। इससे स्थानीय लोगों और जायरीनों में नाराजगी दिखाई दी।

दरअसल दरगाह साबिर पाक का सालाना उर्स अव्यवस्थाओं के बीच संपन्न होने के बाद अब आसपास के क्षेत्रों से लोग खरीदारी के लिए मेला बाजार का रुख कर रहे हैं। शुक्रवार को जुमे की नमाज के लिए आसपास के क्षेत्रों से हजारों नमाज़ी दरगाह साबिर पाक की साबरी जामा मस्जिद पहुंचे। बड़ी संख्या में नमाज़ियों के पहुंचने से मस्जिद का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह भर गया।
इसके बाद नमाज़ियों को बेसमेंट में नमाज के लिए जाना पड़ा।बारिश के कारण बेसमेंट में पहले से पानी भरा हुआ था। जगह की कमी और नमाज का समय होने के चलते नमाज़ियों को पानी के बीच ही नमाज अदा करनी पड़ी। इस दौरान उन्हें काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।नमाज़ियों का कहना था कि दरगाह साबिर पाक में प्रतिदिन बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं और नमाज के लिए साबरी जामा मस्जिद का रुख करते हैं।
ऐसे में मस्जिद के बेसमेंट में बारिश का पानी भरना गंभीर समस्या है।स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान हर बार बेसमेंट में पानी भरने से नमाज़ियों को परेशानी उठानी पड़ती है। इसके बावजूद भी इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मस्जिद के बेसमेंट में पानी की समस्या का स्थायी समाधान कराने और निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies