
प्रभावित परिवारों से मिले प्रदीप बत्रा, अधिकारियों को तकनीकी जांच के दिए निर्देश
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। गणेशपुर क्षेत्र में मकानों और दुकानों में लगातार बढ़ रही दरारों की शिकायतों के बाद रुड़की विधायक एवं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने बुधवार को प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने दरारों से प्रभावित मकानों और दुकानों का जायजा लिया तथा स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और चिंताएं सुनीं। मंत्री ने प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

निरीक्षण के दौरान पार्षद कुलदीप तोमर और संजीव तोमर भी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने मंत्री को बताया कि क्षेत्र में सड़क से लेकर कई मकानों तक दरारें दिखाई दे रही हैं। कई घरों की दीवारों, छत और फर्श में दरारें आने से लोगों में भय का माहौल है। कुछ परिवारों को सुरक्षा के मद्देनजर अपने मकान खाली कर दूसरी जगह शिफ्ट होना पड़ा है। वहीं, हाल ही में बने मकानों में भी दरारें आने की शिकायत सामने आई है।

मंत्री प्रदीप बत्रा ने प्रभावित क्षेत्र में घूमकर स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भी मामले की जानकारी लेते हुए प्रभावित मकानों की स्थिति का तकनीकी परीक्षण कराने और दरारों के कारणों की जांच करने के निर्देश दिए।

प्रदीप बत्रा ने कहा कि लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी परिवार को भय और असुरक्षा के माहौल में रहने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा। प्रभावित लोगों की समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि गणेशपुर क्षेत्र में मकानों और दुकानों में लगातार सामने आ रही दरारों का मामला लोगों के बीच चिंता का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द तकनीकी जांच कराकर समस्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने और स्थायी समाधान कराने की मांग की है। मंत्री के स्थलीय निरीक्षण के बाद प्रभावित परिवारों को मामले में जल्द कार्रवाई की उम्मीद जगी है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies